बसोहली। विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में जम्मू तवी गोल्फ कोर्स से शुरू हुई बाइक रैली सोमवार दोपहर को बसोहली पहुंची। इस दौरान सभी बाइकर्स टीआरसी बसोहली पहुंचे, जहां तहसीलदार अमन आनंद, एसडीपीओ शाजिया मीर, पर्यटन विभाग के सीओ दुनी चंद भट्टी ने रैली का स्वागत किया।
रैली में करीब 60 बाइकर्स हिस्सा ले रहे हैं। वे सरुंईसर, मानसर, महानपुर और बसोहली से होते हुए पर्यटन स्थल पुरथू पहुंचे। वहां के विहंगम नजारों को बाइकर्स ने अपने कैमरों में कैद किया। बाइकर राहुल गुप्ता ने कहा कि भविष्य में भी ऐसी बाइक रैलियों का आयोजन किया जाना चाहिए। आयरनहाक्स रॉयल एनफील्ड बाइक क्लब जम्मू कश्मीर के भानु जम्वाल ने कहा कि बसोहली बहुत ही सुंदर और प्राकृतिक पर्यटन स्थल है। रैली में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और हेलमेट वितरित किए गए। शाम करीब चार बजे रैली पुरथू से वापस जम्मू की ओर रवाना हुई।