कठुआ। दबवाल इलाके में शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में महिलाओं का विरोध लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। महिलाओं ने शराब के ठेके के बाहर धरने देते हुए जमकर नारेबाजी भी की। दो टूक बताया गया कि घाटी पंचायत के लिए आए शराब के ठेके को दबवाल में नहीं खुलने दिया जाएगा। इस दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
धरने पर बैठी महिलाओं ने बताया कि नजदीक ही माता का मंदिर भी है, वे नहीं चाहते कि नशे का व्यापार यहां किया जाए। शराब की दुकान के मालिकों ने रिश्वत देने का प्रयास किया। मंदिर निर्माण में मदद की बात की जा रही है, लेकिन यह उनके भविष्य की लड़ाई है। यहां लोगों का रहना भी मुश्किल हो जाएगा। महिलाओं ने कहा कि वे गांव के लोग हैं, इसका सीधा असर बच्चों पर भी पड़ेगा। महिलाओं का इलाके से निकलना तक मुश्किल हो जाएगा। नशा बढ़ने से क्राइम भी बढ़ेगा। कहा कि युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार युवाओं को देश का भविष्य बताती है और उन्हीं को नशे में धकलने के लिए शराब की दुकानें ग्रामीण इलाकों में खोली जा रही हैं जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।