कठुआ। जिले में रविवार को एक साथ 163 लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद हड़कंप मच गया है। लखनपुर कॉरिडोर में भी रविवार को 61 लोगों को संक्रमित पाया गया है। वहीं, रविवार को कोरोना संक्रमण से एक मौत दर्ज की गई है। जिले में अबतक संक्रमण से हुई मौत का आंकड़ा 156 पहुंच गया है। जिला प्रशासन ने सोमवार को और भी सख्ती के निर्देश जारी किए हैं। रविवार को सामने आए मामलों में 103 कठुआ, छह हीरानगर, 39 बिलावर, सात बसोहली और आठ मामले बनी से सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संक्रमितों में पुलिस चौकी रामकोट से चार, जम्मू कश्मीर बैंक रामकोट से दो, पुलिस स्टेशन बिलावर से 11, आईआरपी के 37 जवान, जीएमसी कठुआ के दो डॉक्टर, दो हेल्थ केयर वर्कर समेत वार्ड चार कठुआ से चार लोग और फ्रेंड्स कॉलोनी कठुआ से नौ लोग मिले हैं। जबकि जिले के अन्य हिस्सों से भी संक्रमितों के सामने आने का सिलसिला जारी है। जिले में रविवार को सक्रिय संक्रमितों का आंकड़ा 492 पहुंच गया है। बता दें कि रविवार को संक्रमण से जंडोर कठुआ निवासी 67 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई थी। मृतक का अमृतसर स्थित एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मृतक हृदय रोग से पीड़ित था।