बीजीएसबी विवि में कश्मीरी छात्रों ने मचाया बवाल, लगाए देश विरोधी नारे
- बीजीएसबी विवि में गैर कश्मीरी छात्रों से की मारपीट, दर्जन भर घायल
- वाहनों में तोडफ़ोड़ करने के साथ ही आग लगाई, कई वाहन क्षतिग्रस्त
- मुख्य गेट पर किया कब्जा, पुलिस पर पथराव और अंदर घुसने से रोका
-गैर कश्मीरी छात्रों ने तीन घंटे बाद संभाला मोर्चा, लगे भारत माता की जय के नारे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर की बाबा गुलाम शाह बादशाह (बीजीएसबी) विश्वविद्यालय में सोमवार को कश्मीरी छात्रों ने जमकर उपद्रव मचाया। गैर कश्मीरी छात्रों के साथ मारपीट करने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में जमकर देश विरोधी नारे लगाए।
परिसर में आधा दर्जन वाहनों को फूंक डाला और दर्जनभर वाहनों में जमकर तोडफ़ोड़ भी की। मुख्य गेट पर कब्जा किए छात्रों ने मौके पर पहुंची पुलिस को कैंपस में घुसने नहीं दिया और पथराव किया।
बाद में गैर कश्मीरी छात्रों ने भी विश्वविद्यालय पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया और भारत माता की जय के नारे लगाए। दोनों ओर से मोर्चेबंदी से स्थिति काफी तनावपूर्ण रही। मौके पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।
घाटी के करीब ३०० छात्रों ने परिसर के मुख्य गेट पर कब्जा किया
बताते हैं कि रविवार को छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसे विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने स्तर पर ही सुलझा लिया था। सोमवार को विश्वविद्यालय खुलते ही घाटी के करीब ३०० छात्रों ने परिसर के मुख्य गेट पर कब्जा कर लिया।
परिसर के अंदर मौजूद दर्जनभर गैर कश्मीरी छात्रों को मारपीट कर घायल कर दिया। घायल विद्यार्थी अपने स्तर पर उपचार करवाकर घर पहुंच गए। मामला यहीं शांत नहीं हुआ।
कश्मीरी छात्रों ने कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए वाहनों में तोडफ़ोड़ करने के साथ ही आग लगाना शुरू कर दिया। दमकल वाहनों को भी विवि परिसर में नहीं जाने दिया। इसके चलते छह वाहन जलकर राख हो गए।
कश्मीरी छात्रों ने पुलिस को भी विवि परिसर में घुसने नहीं दिया
तीन घंटे तक चले बवाल के बाद गैर कश्मीरी छात्र भी विश्वविद्यालय पहुंचे और भारत माता की जय के नारे लगाना शुरू कर दिया। मामले को पूरी तरह से हाथ से निकलते देख डीसी शब्बीर अहमद बट्ट और एसएसपी राजोरी राजेश्वर सिंह मौके पर पहुंचे और घाटी के छात्रों से बातचीत शुरू की।
करीब तीन घंटे तक एसएसपी, डीसी और कश्मीरी छात्रों के बीच बातचीत चली। परिसर में अब भी तनाव है। डीसी और एसएसपी परिसर में ही कैंप कर रहे हैं। फिलहाल घटना के विषय में उप कुलपति, डीसी या एसएसपी ने कोई बात नहीं की है।