पूर्व रक्षा राज्य मंत्री पर इस राजघराने की संपत्ति हड़पने का आरोप
जानकारी के अनुसार भंवर जितेन्द्र सिंह उनके ससुर बिजेन्द्र सिंह के खिलाफ यह एफआईआर दिल्ली के बिजनेसमैन और बूंदी के पूर्व राजपरिवार के करीबी रहे अविनाशचंद्र चांदना ने दर्ज कराई है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और उनके ससुर के खिलाफ फर्जी दस्तावेज बनाने और धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है भंवर जितेन्द्र सिंह पर जिस पूर्व राजघराने की संपत्ति हड़पने का आरोप लगा है वह उसी राजघराने के नाती है।
दरअसल जितेन्द्र सिंह की माता महेन्द्रा कुमारी बूंदी के पूर्व राजघराने की बेटी है। जिस संपत्ति को हड़पने का आरोप सिंह पर है उसके पूर्व वारिस उनके मामा रणजीतसिंह थे। जिनका वर्ष 2010 में निधन हो गया था। भंवर जितेन्द्र सिंह व उनके ससुर बिजेन्द्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराने वाले अविनाशचंद्र चांदना बूंदी के पूर्व युवराज रणजीतसिंह के करीबी मित्र है।
वहीं इस पूरे मामले में पूर्व रक्षा राज्य मंत्री भंवर जितेन्द्र सिंह का कहना है कि आगाती अलवर लोकसभा उपचुनाव और विधानसभा चुनाव को देखते हुए मेरे खिलाफ मुकदमा एक साजिश है। क्योंकि जिस संपत्ति को हड़पने का आरोप मुझ पर लगाया गया है वह पहले से ही ट्रस्ट के आधीन है।