दिन दहाड़े बुजुर्ग का अपहरण, किसी ने नहीं की मदद
अपराधियों के बढ़ते हौंसले कानून व्यवस्था की पोल खोल रहें है। राजस्थान के उदयपुर शहर के भीड़-भाड़ वाले बाजार से सोमवार शाम तीन युवकों ने एक बुजुर्ग का अपहरण कर लिया।
शाम करीब 5.30 बजे इस वारदात का अंजाम दिया गया। लेकिन वहां मौजूद तमाशबीनों में से किसी ने बुजुर्ग की मदद नहीं की। हालांकि देर रात्रि को पुलिस की नाकाबंदी के दौरान बुजुर्ग को बदमाशों के चुंगल से आजाद करा लिया गया और दो बदमाशों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार घटना उदयपुर के सूरजपोल क्षेत्र की है। यहां के ट्रैफिक पुलिस स्टेशन से महज कुछ सौ मीटर दूर कार में सवार होकर आए तीन बदमाशों ने गुजरात के एक बुजुर्ग व्यापारी सूरजनारायण सी शर्मा का अपहरण कर लिया।
इस दौरान व्यापारी लगातार मदद की गुहार करता रहा। लेकिन तीनों बदमाशों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर कार में जबरन बैठाकर फरार हो गए।
कुछ घंटे में धरे गए आरोपी
पुलिस के अनुसार मामला 20 लाख रुपए के लेनदेन से जुड़ा है। व्यापारी सूरजनारायण को आरोपी तीन बदमाशों में से एक शाहिद को 20 लाख रुपए देने है।
आरोपी बांसवाड़ा के श्रीराम फाइनेंस कंपनी में काम करता है। आरोपी शाहिद ने बांसवाड़ा के एक पुलिस स्टेशन में व्यापारी के खिलाफ मामला भी दर्ज करा रखा है।
पुलिस के अनुसार व्यापारी सूरजनारायण को और भी कई लोगों की उधारी देनी है। पैसे के लेनदेन के चलते ही इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने नाकाबंदी कराई और घटना स्थल से करीब 150 किलोमीटर दूर आरोपियों को व्यापारी के साथ पकड़ लिया।
हालांकि एक आरोपी मनोज भारती पहले ही कार से उतर गया था इसलिए वह फरार है। जबकि मुख्य आरोपी शाहिद व अभिषेक पालीवाल पुलिस गिरफ्त में है।