नए साल पर होगा दिल्ली में सर्दी का सितम, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी मैदानी इलाकों पर भारी, जानें मौसम का हाल
देश में सर्दी के सितम के हाल के दिनों में कम होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का कहर जारी है, वहीं दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में शीतलहर के साथ पारा नीचे की ओर गिरता जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली-एनसीआर में 30 दिसंबर से सर्द हवाओं का सितम शुरू हो जाएगा, जिस कारण तापमान में अधिक गिरावट होने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते कई प्रमुख रास्ते अवरूद्ध हो गए हैं। वहीं, उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। शीतलहर को लेकर राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, तो वहीं कश्मीर के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है।
दिल्ली में जारी रहेगा सर्दी का सितम
मौसम विभाग ने बताया है कि पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी का असर दिल्ली-एनसीआर में देखने को मिलेगा। विभाग के अनुसार, 29 दिसंबर को तापमान तीन डिग्री तक नीचे जा सकता है, वहीं 30 दिसंबर से ठंडी हवाओं का कहर शुरू हो जाएगा। इसका असर यह होगा कि न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री तक पहुंच जाएगा। रविवार को दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब स्तर पर पहुंच गई। वहीं, बताया गया है कि आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता के और खराब होने के आसार है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है।
उत्तराखंड में बर्फबारी और हल्की बारिश का सितम
उत्तराखंड की ऊंची पहाड़ियों पर सोमवार को हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग ने 28 दिसंबर को मौसम का मिजाज गड़बड़ाने की भविष्यवाणी की है। विशेषज्ञों ने बताया कि गढ़वाल में समुद्र तल से ढाई हजार मीटर की ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में मध्यम स्तर की बर्फबारी और हल्की बारिश की संभावना है। फिलहाल, पहाड़ी इलाकों में अभी मौसम सामान्य है। पहाड़ों से ज्यादा मैदानी इलाकों में ठंड का प्रकोप है। राजधानी देहरादून में न्यूनतम तापमान लगभग दो डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। मौसम के बदले मिजाज से पहाड़ी इलाकों में अत्यधिक ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में दिखेगा ठंड का प्रकोप
मौसम विभाग ने बताया है कि पंजाब-हरियाणा में रविवार और सोमवार को बारिश होने की संभावना है। हरियाणा के नरनौल में शनिवार को न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री पर पहुंच गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में बूंदाबांदी के साथ रविवार शाम से मौसम बदल गया। बारिश के साथ बर्फीली हवाओं के चलने से ठंड बढ़ गई। कड़ाके की ठंड पड़ने से लोग कांपते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार, 28 दिसंबर को भी हल्की बारिश की संभावना है। बादल छा सकते हैं। मंगलवार से धुंध का दौर शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि जम्मू-कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसका असर मैदानी इलाकों में देखा गया है। पहाड़ों पर भी बर्फबारी व बारिश हुई है, जबकि चंडीगढ़ सहित पंजाब व हरियाणा के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। इससे अब दिन के तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। उसके बाद रात के तापमान में।
कश्मीर में अगले तीन दिनों में होगी बर्फबारी, गुलमर्ग में तापमान -7.2 डिग्री पहुंचा
कश्मीर में रविवार को शीतलहर और बर्फबारी देखने को मिली। घाटी के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया है कि घाटी में अगले तीन दिनों में हल्की बारिश और बर्फबारी का सितम जारी रहने वाला है। फिलहाल कश्मीर 'चिल्लई कलां' की चपेट में है। इस दौरान 40 दिनों तक भीषण सर्दी होती है। अधिकारियों ने कहा कि इस अवधि के दौरान सबसे अधिक बर्फबारी होती है। 21 दिसंबर से शुरू हुआ 'चिल्लई-कलां' 31 जनवरी को समाप्त होगा। विभाग के अनुसार, उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग में तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि उसके पिछली रात तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था। वहीं, जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछली रात शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
राजस्थान में शीतलहर का सितम
राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई है। हालांकि, मौसम विभाग की तरफ से 28-29 दिसंबर को राज्य में शीतलहर और पाला पड़ने की संभावना जताई गई है। इसके मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य का माउंट आबू शहर रविवार को सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग की तरफ से अलवर, झुंझुनूं, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, नागौर, श्रीगंगानगर, जिलों में पाला पड़ने की संभावना जताई गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.