Top News: पीएम मोदी का शपथ ग्रहण 8 को, पूर्वी भारत में जारी रहेगी लू; ट्रंप को चुनाव में दखल के मामले में राहत
Top News: पीएम मोदी का शपथ ग्रहण 8 को, पूर्वी भारत में जारी रहेगी लू; ट्रंप को चुनाव में दखल के मामले में राहत
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ जून को तीसरी बात देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारी चल रही है। वहीं, ओडिशा के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर एक-दो दिन में मुहर लग सकती है। उधर, मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि पूर्वी भारत में अगले पांच दिनों तक लू जारी रहेगी। वहीं, एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस्राइल ने लेबनान के इलाकों में सफेद फॉस्फोरस से हमला किया। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
पीएम नरेंद्र मोदी का शपथ ग्रहण 8 को, समारोह भव्य बनाने की तैयारी; पड़ोसी देशों को न्योता
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को लोकसभा चुनाव में 293 सीटें मिलीं। नरेंद्र मोदी को एनडीए का नेता चुना गया। सभी घटक दलों ने अपने समर्थन का पत्र सौंप दिया है। अब मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में 8 जून को शपथ ले सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसमें विदेशी मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। इनमें बांग्लादेश, श्रीलंका, भूटान, नेपाल और मॉरीशस के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर
इस्राइल का लेबनान के इलाकों में सफेद फॉस्फोरस से हमला, 173 नागरिक घायल
एक वैश्विक मानवाधिकार समूह ने बुधवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में दावा किया कि इस्राइल ने युद्ध प्रभावित दक्षिणी लेबनान में कम से कम पांच कस्बों व गांवों में आवासीय भवनों पर सफेद फॉस्फोरस (आग लगाने वाले गोले) का इस्तेमाल किया है। इससे नागरिकों को काफी क्षति पहुंच रही है और यह अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। इससे पीड़ित 173 लोगों का इलाज किया गया है। पढ़ें पूरी खबर
ओडिशा के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर एक-दो दिन में लगेगी मुहर
ओडिशा के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर एक दो दिन में मुहर लग जाएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने सीएम के नाम को लेकर चल रही अटकलों के बीच बुधवार को बताया कि पार्टी का संसदीय बोर्ड जल्द ही फैसला लेगा। सामल ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रह्मपुर की चुनावी रैली में कहा था कि भाजपा का नया मुख्यमंत्री 10 जून को शपथ लेगा। मुख्यमंत्री का चयन प्रधानमंत्री की ओर से निर्धारित मानदंडों के आधार पर किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर
मौसम: पूर्वी भारत में अभी पांच दिन जारी रहेगी लू, ओडिशा में अब तक 36 की मौत
देश के पूर्वी हिस्से, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले पांच दिनों तक लू की स्थिति जारी रह सकती है। उधर, ओडिशा में भीषण गर्मी के चलते अब तक 36 लोगों की जान चली गई। बुधवार को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। पढ़ें पूरी खबर
'सरकार को राहत देनी ही होगी', जेल में बंद खालिस्तानी अमृतपाल सिंह की जमानत पर वकील का दावा
देशभर में लोकसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। जेल में बंद खालिस्तानी अलगाववादी अमृतपाल सिंह खडूर साहिब लोकसभा सीट पर विजयी रहा। अब उसके वकील राजदेव सिंह खालसा ने कहा कि अमृतपाल का प्रयास पंजाब में नशीली दवाओं के दुरुपयोग को समाप्त करने की दिशा में था। पढ़ें पूरी खबर
क्या PM मोदी के शपथ ग्रहण में अमेरिका से भी आएंगे मेहमान; विदेश मंत्रालय ने कहा- एलान का इंतजार करिए
भारत के साथ आर्थिक मामलों पर काम करने से जुड़े एक सवाल पर अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा, दोनों देशों के बीच लोगों के बीच संबंधों को गहरा करने के लिए विदेश मंत्रालय लगातार काम कर रहा है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा, अमेरिका भारत के साथ स्वतंत्र, सुरक्षित, समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करने पर काम करना जारी रखेगा। यह उनकी प्राथमिकता बनी रहेगी। पढ़ें पूरी खबर
कामयाबी: अमेरिका से मिले स्ट्रेन से भारत में पहला डेंगू रोधी टीका तैयार
डेंगू संक्रमण की रोकथाम में भारत ने बड़ा कदम बढ़ाया है। अमेरिका से मिले वायरस स्ट्रेन से विकसित देश का पहला स्वदेशी टीका प्रारंभिक ट्रायल में कामयाब रहा, जिसके चलते सरकार ने अगले ट्रायल की अनुमति दे दी है। पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने पिछले सप्ताह हुई विशेषज्ञ कार्य समिति की बैठक में बताया कि पहले ट्रायल में 60 लोगों पर प्लेसबो के साथ टीके का परीक्षण किया। पढ़ें पूरी खबर
पानी की सुरक्षा-गुणवत्ता पर गंभीर संकट, सदी के अंत तक 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गर्म हो जाएगा भूजल
सदी के अंत तक भूजल 2 से 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गर्म हो सकता है। इससे जल की गुणवत्ता और सुरक्षा को खतरा हो सकता है। जल संसाधन पर निर्भर पारिस्थितिकी तंत्र भी संकट में पड़ सकता है। जर्मनी के कार्लसुरहे इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के शोधकर्ताओं ने अध्ययन के बाद यह खुलासा किया है। पढ़ें पूरी खबर
जॉर्जिया की एक अपीलीय अदालत ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्पति डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी दखल मामले को रोक दिया है। दरअसल, अदालत फुल्टन काउंटी के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी फानी विलीस को अयोग्य घोषित करने की ट्रंप की याचिका पर विचार कर रही है। हालांकि, अदालत ने कहा है कि इस साल अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से पहले विलिस पर मुकदमा नहीं चलाया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर
चुनाव के नतीजों के बाद कितना बदल गया देश का सियासी नक्शा, मोदी राज में कितनी बदली तस्वीर?
लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों से साथ आंध्र प्रदेश और ओडिशा के विधानसभा चुनाव के परिणाम आ गए। इन दोनों चुनावी राज्यों में अब भाजपा की गठबंधन या सिर्फ भाजपा की सरकार होगी। इससे पहले यहां गैर भाजपाई और गैर कांग्रेस सरकार थी। आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस और ओडिशा में बीजू जनता दल सत्ता में थी। पढ़ें पूरी खबर