महाराष्ट्र अपडेट्स: नसीरुद्दीन शाह का सरकार पर कटाक्ष; आदित्य ठाकरे का आरोप- खुफिया नेटवर्क का दुरुपयोग हो रहा
मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने कोविड-19 महामारी के दौरान जान जोखिम में डालने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की प्रशंसा की। उन्होंने देशव्यापी लॉकडाउन लगाने के दौरान नरेंद्र मोदी सरकार के 'उदासीनता के रवैये' पर निशाना साधा। शाह ‘ट्रस्ट इन ए टाइम ऑफ क्राइसिस’ पुस्तक के विमोचन पर बोल रहे थे। यह पुस्तक महामारी के दौरान चिकित्सा पेशेवरों और स्वयंसेवकों के अनुभवों को दर्ज करती है। उन्होंने 24 मार्च 2020 को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा घोषित 21-दिवसीय राष्ट्रीय लॉकडाउन का जिक्र किया। लॉकडाउन की घोषणा पर कटाक्ष करते हुए शाह ने कहा, 'मुझसे किसी मदद की उम्मीद न करें, मैं अपनी दाढ़ी और बाल बढ़ाने की योजना बना रहा हूं।' उन्होंने महामारी में जान गंवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को 'अदृश्य दुश्मन' के खिलाफ युद्ध के 'शहीद' बताया। 76 वर्षीय अभिनेता ने पीपीई किट में उनके काम की कठिनाइयों के बावजूद उनके समर्पण की सराहना की।
आदित्य ठाकरे का आरोप- आतंकियों के बजाय विरोधियों पर इस्तेमाल हो रहा खुफिया नेटवर्क
शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि खुफिया नेटवर्क का उपयोग आतंकवादियों के बजाय राजनीतिक विरोधियों और पत्रकारों के खिलाफ हो रहा है। ठाकरे ने कहा, इस पूरे नेटवर्क का इस्तेमाल राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों, आतंकवादियों और अपराधियों के खिलाफ किया जाना चाहिए। इससे देश को लाभ होगा। उन्होंने महाराष्ट्र में भी फोन टैपिंग के आरोपों का जिक्र किया। ठाकरे ने बताया कि कांग्रेस नेता नाना पटोले ने विधानसभा में नामों की एक सूची पढ़ी थी। इस दौरान पेगासस का मुद्दा भी सामने आया था। कांग्रेस नेता रमेश बाबू ने भी फोन टैपिंग के आरोपों को सही बताया। उन्होंने केंद्र सरकार पर राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के फोन टैप करने का आरोप लगाया। बाबू ने बंगलूरू में पत्रकारों के सवाल का जवाब देते समय केंद्र सरकार को सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश से मामले की जांच कराने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि ऐसी जांच से कथित निगरानी का पर्दाफाश होगा।
