पठानकोट:पाक जेआईटी आज पहुंचेगी दिल्ली
- पठानकोट में एनआईए के साथ करेगी जांच
- सलविंदर सिंह और उसके साथियों से होगी पूछताछ
- एयरबेस के चुनिंदा इलाके में जाने की इजाजत
- अब तक की जांच को दोनों एजेंसियां करेंगी साझा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पठानकोट आतंकी हमले की जांच के लिए पाकिस्तान का पांच सदस्यीय संयुक्त जांच दल (जेआईटी) रविवार को दिल्ली पहुंच रहा है। जेआईटी में पाकिस्तानी नौकरशाह और खुफिया विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
पाकिस्तानी जेआईटी, भारतीय राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के साथ मिलकर 2 फरवरी को पठानकोट वायुसेना एयरबेस पर पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के हमले की जांच करेगा।
दोनों एजेंसियां अब तक की जांच को एक-दूसरे के साथ साझा करेगी। इस जांच के लिए बनी एनआईए की टीम का नेतृत्व संजीव कुमार सिंह करेंगे। वहीं पाकिस्तानी जेआईटी का नेतृत्व पाकिस्तान के पंजाब पुलिस के काउंटर टेरेरिज्म डिपार्टमेंट (सीटीडी) के एडिशनल आईजी मोहम्मद ताहिर करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक जेआईटी को आतंकियों को हाथों अगवा हुए एसएसपी सलविंदर सिंह और उनके तीन साथियों से सीधे पूछताछ की इजाजत नहीं होगी। लेकिन जेआईटी अधिकारियों की मौजूदगी में एनआईए इनसे पूछताछ कर सभी जानकारियां पाकिस्तान के रिकार्ड पर लाएगी।
सलविंदर पाक स्थित आतंकियों और पठानकोट हमले के बीच कड़ी साबित करने के अहम गवाह हैं। इसके अलावा जेआईटी को एयरबेस के उन इलाकों में जाने दिया जाएगा जहां जैश के चार आतंकियों की सुरक्षा एजेंसियों से मुुठभेड़ हुई थ। जेआईटी को तकनीकी क्षेत्र में जाने की इजाजत नहीं होगी।
जेआईटी 28 से शुरू करेगा काम
सूत्रों ने बताया कि जेआईटी 28 मार्च से अपना काम शुरू करेगा। जांच का दायरा तय होने के बाद दोनों टीमें 29 मार्च को पठानकोट का दौरा करेंगी। उम्मीद जताई जा रही है कि इस दौरान चारों आतंकियों की पहचान सुनिश्चित कर ली जाएगी। चारों आतंकियों के फोटो और उनके बारे में मौजूदा जानकारी पहले ही पाकिस्तान को भेजी जा चुकी है। पाकिस्तान की अब तक की जांच के मुताबिक इन आतंकियों ने हमले से पहले सलविंदर के मोबाइल से जिन नंबरों पर फोन किया था उनमें से एक जैश के बहाबलपुर दफ्तर से जुड़ा है।
गौरतलब है कि इन आतंकियों ने सलविंदर और उसके दो साथियों को एसयूवी समेत अगवा कर लिया था। बाद में उसी के फोन से पाकिस्तान में अपने हैंडलर और परिवार वालों से बातचीत की थी।