न्यूज राउंडअपः डकवर्थ लुईस से हारा भारत, कोलकाता पर भी संकट के बादल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में चल रहे महिला वर्ल्ड कप के 7वें मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पाक को 97 रनों का लक्ष्य दिया। भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 96 रन ही बना सकी। समाचार लिखे जाने तक पाकिस्तान ने 16 ओवर में 6 विकेट खोकर 77 रन बना लिए हैं।
आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत धमाकेदार रही। पहले ही ओवर में पाक ओपनर नाहिदा खान (14) ने 9 रन स्कोरबोर्ड पर चढ़ा दिए। हालांकि तीसरे ओवर में शिखा पांडे ने उन्हें आउट कर भारत की झोली में पहली सफलता डाली। 9वें ओवर में भारतीय फिरकी गेंदबाज राजेश्वरी ने भारत की झोली में दूसरी सफलता डाली। अगले ओवर में हरमनप्रीत कौर ने तीसरा विकेट झटका।
15वें ओवर में कप्तान मिताली राज के शानदार कैच ने मैच में रोमांच और भी बड़ा कर दिया। अगले ओवर में भारतीय फिल्डर स्मृति मंदाना ने पाक खिलाड़ी को रनआउट कर भारत की झोली में पांचवीं सफलता डाली। अगली गेंद पर विकेटकीपर सुषमा ने पाक कप्तान सना मीर को बिना खोले ही रनआउट कर दिया। इसी बीच बारिश ने भी मैदान में विघ्न पैदा कर दिया।
उत्तराखंड में राजनीतिक घमासान जारी, सरकार पर असमंजस
उत्तराखंड में राजनीतिक घमासान जारी है, भाजपा जहां सरकार बनाने की तत्परता में दिख रही है वहीं मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी विरोधियों को पूरी चुनौती देते हुए ताल ठोक दी है।
शनिवार दोपहर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात की। अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल के आवास पर मुलाकात के बाद सीएम ने कहा कि उनके पास संख्याबल पूरा है। दावा किया कि जो विधायक गए हैं उनमें से पांच उनके संपर्क में है। अगर वे वापस आते हैं तो उन्हें मौका दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अध्यक्ष ने दलबदल कानून के तहत कांग्रेस के 9 बागी विधायकों को नोटिस दिया है। वहीं कांग्रेस ने इस सारे गतिरोध के लिए सीधे मोदी और अमित शाह की जोड़ी पर हमला बोल दिया है।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सूरजेवाला ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड में जो कुछ राजनीतिक बवाल मचा हुआ है वो सब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के संरक्षण में हो रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी राजनीति में जो शुचिता और पारदर्शिता की बात करते हैं उसकी उत्तराखंड में धज्जियां उड़ाई जा रही है। भाजपा ने पहले अरुणाचल प्रदेश में वही खेल खेला जो अब उत्तराखंड में खेला जा रहा है।
फूड प्वाइजनिंग के कारण 50 बच्चे अस्पताल में भर्ती
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के शिक्षा क्षेत्र बेलहरी में फूड प्वाइजनिंग की चपेट में आने से 50 से ज्यादा बच्चे बीमार हो गए। जिन्हें आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार बलिया जिले के बेलहरी क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में सुबह बच्चों को खाना परोसा गया था। जिसे खाते ही 50 से ज्यादा बच्चों की तबियत अचानक बिगड़ने लगी। बच्चों को उल्टियों की शिकायत हुई तो तुरंत उन्हें अस्पताल लाया गया।
सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही शिक्षाधिकारी जांच करने मौके पर पहुंचे। बच्चों को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रूस में विमान हादसा, 62 की मौत
दुबई से दक्षिणी रूस जा रहा एक यात्री विमान हादसे का शिकार हो गया है। इसमें 55 यात्री और विमान चालक दल के छह सदस्य सवार थे। विमान रूस के दक्षिणी शहर रोस्तोफ़-ऑन-दोन में गिरा।
खबरों के मुताबिक़, फ़्लायदुबई का बोइंग-738 विमान उतरते समय रनवे से आगे निकल गया और आग के एक गोले में तब्दील हो गया। अभी यह साफ़ नहीं हो पाया है कि विमान हादसे की वजह क्या थी। पर माना जा रहा है कि विज़िबिलिटी न होने की वजह से यह हादसा हुआ है।
अपुष्ट ख़बरों के मुताबिक़, विमान में सवार सभी लोग मारे गए हैं। विमान में धमाके और आग लगने की ख़बरें भी हैं। इस हादसे के बाद दूसरी उड़ानों का रास्ता बदल दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ लगभग 100 राहत कर्मी मौक़े पर पहुँच गए हैं और आग बुझा दी गई है। एयरलाइन्स ने अपने फ़ेसबुक पेज पर लिखा है कि उसे "घटना की जानकारी" है। उसने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
फ़्लाईदुबई सस्ते में हवाई सेवा देने वाली एयरलाइन्स है। इसे साल 2009 में शुरू किया गया। यह एयरलाइन्स दुबई में स्थित है और 90 ठिकानों तक हवाई सेवाएं देती है।
तुर्की में आत्मघाती हमला चार की मौत
तुर्की के शहर इंस्ताबुल में एक बार फिर आत्मघाती हमला हुआ। इस आत्मघाती हमले में चार लोगों की मौत हो गई, वहीं कई लोग घायल हो गए हैं। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार तुर्की में भीषण बम विस्फोट हुआ है।
पिछले सप्ताह तुर्की की राजधानी अंकारा में हुए बम विस्फोट में कई लोगों की जान चली गई थी। घायल लोगों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तुर्की की न्यूज एजेंसी डोगन के मुताबिक घायलों में इजरायल के तीन नागरिक भी शामिल हैं। तुर्की में हुए हमले पर दुनियाभर के नेताओं ने शोक जताया है।
झारखंड में पशु व्यापारियों को मारकर पेड़ से लटकाया
दादरी की जिस घटना को लेकर पूरे देश में हाहाकार मचा था वैसा ही एक वाक्या झारखंड लातेहर जिले में सामने आया है। जहां दो मुस्लिम पशु व्यापारियों को पशु पैंठ से लौटते समय मारकर एक पेड़ से टांग दिया गया। वारदात का आरोप पशु संरक्षण के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं पर लगा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार वाक्या राजधानी रांची से 100 किलोमीटर दूर स्थित लातेहर के बालूमठ के जंगलों में अंजाम दिया गया। मरने वाले 35 साल के मोहम्मद मजलूम और 15 साल का किशोर आजाद खान आपस में रिश्तेदार थे और दुधारू पशुओं के लेनदेन का काम करते थे। हत्यारों ने बड़ी नृशंसता से उनकी हत्या की, दोनों के हाथ उनकी कमर के पीछे बांध दिए गए और मुंह में कपड़ा ठूस दिया गया।
लातेहर के एसपी अनूप बिरथरी ने बताया कि उन्हें जिस तरीके से मारा गया है उससे एहसास होता है कि हत्यारों की इनके प्रति गहरी नफरत रही होगी। झारखंड विकास मोर्चा के स्थानीय विधायक प्रकाश राम आरोप लगाते हैं कि इस घटना के पीछे हिंदू कट्टरपंथियों का हाथ है। दोनों की मौत का विरोध करने वाले ग्रामीणों ने दावा किया कि उनकी हत्या इसलिए कि गई क्योंकि वे पशुओं का व्यापार करते थे।
एसपी बिरथारी ने अभी आरोपियों की पहचान का दावा नहीं किया है, उनके अनुसार हम अभी हत्या के विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रहे हैं जिनमें आपसी रंजिश और हत्या के कुछ और कारणों की भी जांच पड़ताल की जा रही है। बरथरी के अनुसार भैंसों को मुक्त कर दिया गया था फिर ऐसे में हत्यारे उन्हें अपने साथ क्यों नहीं ले गए।