फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates Mahua Moitra NHRC FSSAI notice analogue paneer North east west south politics crime news

Updates: कर्नाटक में मुठभेड़ में मारे गए तीन शिकारी; नादिया जिला प्रशासन पर TMC सांसद के आरोप

Sat, 15 Aug 2026 08:55 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 15 Aug 2026 08:55 PM IST
विज्ञापन
National Updates Mahua Moitra NHRC FSSAI notice analogue paneer North east west south politics crime news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

कर्नाटक के चामराजनगर जिले के हनूर तालुक में शाग्या गांव के पास मारिया मंगला बीट में शनिवार तड़के वन विभाग के कर्मचारियों और शिकारियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन शिकारी मारे गए।

विज्ञापन


डेयरी पनीर नकल मामले में सरकारों-FSSAI को NHRC का नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने ‘एनालॉग पनीर’ के निर्माण, बिक्री और सेवन को लेकर सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को नोटिस जारी किया है। आयोग ने पनीर के इस विकल्प की पोषण संरचना और उसमें प्रोटीन, वसा समेत अन्य पोषक तत्वों की मात्रा स्पष्ट करने को कहा है। NHRC ने पूछा कि ऐसे उत्पादों के निर्माण और बिक्री की अनुमति क्यों जरूरी है, खासकर तब जब तीन राज्यों में इनके खिलाफ प्रतिबंध या रोक लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। आयोग ने यह भी जानना चाहा कि उपभोक्ताओं को उत्पाद के गैर-डेयरी स्वरूप की पर्याप्त जानकारी लेबल पर दी जाती है या नहीं। ‘एनालॉग पनीर’ पारंपरिक दूध से बने पनीर की नकल वाला उत्पाद है, जिसमें वनस्पति तेल या वसा, स्टार्च, मिल्क सॉलिड्स, प्लांट प्रोटीन और अन्य सामग्री का इस्तेमाल हो सकता है। NHRC ने कहा कि उपभोक्ताओं को स्पष्ट रूप से पता होना चाहिए कि वे पारंपरिक पनीर खरीद रहे हैं या उसका विकल्प, ताकि किसी तरह का भ्रम न हो।
विज्ञापन


महुआ मोइत्रा का आरोप- नादिया प्रशासन ने सर्किट हाउस खाली करने का आदेश दिया
पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के नदिया जिला प्रशासन ने उन्हें रात में कृष्णानगर स्थित सरकारी सर्किट हाउस खाली करने का आदेश दिया। मोइत्रा के अनुसार, संसद सत्र के बाद उन्होंने शाम करीब 6:15 बजे वहां कमरा लिया था और उन्हें भोजन भी परोसा गया। रात करीब 10 बजे प्रशासन ने उन्हें कमरा खाली करने के संदेश भेजने शुरू किए। शुक्रवार को मोइत्रा ने दावा किया कि उनके बाहर जाने से इनकार करने के बाद सर्किट हाउस के बाहर बड़ी भीड़ जमा हो गई और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए गए। उन्होंने इसे डराने-धमकाने की कोशिश बताया और कहा कि एक निर्वाचित सांसद के तौर पर उन्हें इस सरकारी सुविधा का इस्तेमाल करने का अधिकार है। उन्होंने प्रशासन का आदेश भी साझा किया, जिसमें 14 अगस्त की शाम से अगले आदेश तक सर्किट हाउस को रखरखाव और सफाई के कारण बंद रखने की बात कही गई है। आदेश में 13 अगस्त से पहले की गई पुष्टि वाली बुकिंग को छूट दी गई है। नदिया प्रशासन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

CM हेमंत सोरेन को धमकी, बोकारो का आरोपी गिरफ्तार
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान बोकारो जिले के विश्वजीत कुमार के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी रांची के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद की गई। पुलिस अधिकारी सानोज चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रदर्शनकारियों को भड़काने और मुख्यमंत्री को धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इसी स्थान पर नौकरी के अभ्यर्थी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पाकिस्तान से तार जुड़े होने की शक, कर्नाटक में 25 वर्षीय युवक हिरासत में
बंगलूरु पुलिस ने पश्चिम बंगाल के 25 वर्षीय युवक आसफुल मल्लिक को आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के एक कथित सदस्य के संपर्क में रहने और पाकिस्तान सेना के खिलाफ हमले की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मल्लिक को 11 अगस्त को बोम्मसंद्रा औद्योगिक क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। वह जिगानी में रहकर सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था। पुलिस ने बताया कि मल्लिक की फेसबुक के जरिए अफगानिस्तान में मौजूद टीटीपी सदस्य इमरान अहिंदर से कथित तौर पर पहचान हुई थी। जांच के मुताबिक, मल्लिक पाकिस्तान में मस्जिदों और लोगों के खिलाफ कथित कार्रवाई तथा इजरायल-फिलिस्तीन संघर्ष में पाकिस्तान के कथित रुख से प्रभावित था।

बंगाल का रहने वाला है पकड़ा गया युवक
पुलिस का दावा है कि मल्लिक टीटीपी में शामिल होकर पाकिस्तान सेना के खिलाफ बदला लेने की योजना बना रहा था। उसने पासपोर्ट बनवाकर अफगानिस्तान जाने के लिए वीजा भी मांगा था, लेकिन वहां नहीं जा सका। उसके मोबाइल से कथित तौर पर आपत्तिजनक संदेश और ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली हैं। मामला हेब्बागोडी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 113(3) के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है। मल्लिक का स्थायी पता पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के नौपाड़ गांव का है।

एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर ओडिशा में मामला दर्ज
ओडिशा में तकनीकी खराबी के कारण कोलकाता जाने वाली इंडिगो की उड़ान रद्द होने के बाद एक यात्री ने हवाईअड्डे पर हंगामा किया था। बीजू पटनायक इंटरनेशनल एयरपोर्ट (BPIA) प्रशासन ने 13 अगस्त को एक यात्री, मामोनी खरात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 324 के तहत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। यात्री पर आरोप है कि उसने एयरपोर्ट के डिपार्चर लाउंज में बदतमीजी करने के अलावा एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी का आरोप है कि यात्री ने डिपार्चर लाउंज में हंगामा किया और एक मॉनिटर, कीबोर्ड और पासपोर्ट-स्वाइपिंग मशीन को नुकसान पहुंचाया, जिससे लगभग 49,000 रुपये का नुकसान हुआ। यह घटना CISF, इंडिगो, AAI (एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) और SITA (सोसिएते इंटरनेशनेल डी टेलीकम्युनिकेशन्स एरोनॉटिक्स) के कर्मचारियों की मौजूदगी में हुई।

ड्रोन के माध्यम से तिरंगे की डिलीवरी
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर डाक विभाग ने पहली बार ड्रोन के माध्यम से तिरंगे की डिलीवरी कराई। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में हिमाचल प्रदेश के मंडी हेड पोस्ट ऑफिस से रेहराधर हेड पोस्ट ऑफिस तक तिरंगा पहुंचाया गया। ध्वज को भारतीय सेना के पूर्व चिकित्सा कोर कर्मी सूबेदार मेजर करतार सिंह (सेवानिवृत्त) ने ग्रहण किया। सिंधिया ने कहा कि डाक विभाग जनता, भारतीय सेना और राष्ट्र की सेवा के लिए नई तकनीकों को अपना रहा है। उन्होंने बताया कि ड्रोन आधारित डिलीवरी के लिए 150 मार्गों को चिह्नित किया गया है। इनमें से 110 हिमाचल प्रदेश में और 40 असम में हैं। हिमाचल प्रदेश में ड्रोन डिलीवरी जून 2026 में शुरू हुई थी और हाल ही में असम में भी इसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया है।

‘रिसर्ज सेफ वुमेन, सेफ केरल’ कार्यक्रम का आयोजन
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत शुक्रवार रात ‘रिसर्ज सेफ वुमेन, सेफ केरल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत रात 10 बजे हुई, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री वी. डी. सतीसन ने किया और उन्होंने प्रतिभागियों के साथ पालयम जंक्शन से स्टैच्यू जंक्शन तक पदयात्रा की। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना और यह जागरूकता फैलाना था कि महिलाओं को दिन के साथ-साथ रात में भी सार्वजनिक स्थानों का स्वतंत्र और सुरक्षित रूप से उपयोग करने का अधिकार है। पालयम से आयुर्वेद कॉलेज जंक्शन तक आयोजित यह कार्यक्रम रात 1 बजे तक चलने वाला था और इसका संदेश था कि स्वतंत्रता दिवस की मध्यरात्रि में हासिल हुई आजादी में महिलाओं की स्वतंत्रता भी समान रूप से शामिल है।

 
  


गांधी स्मारक पर राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने शनिवार को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बैरकपुर में हुगली नदी के तट स्थित गांधी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। राज्य के परिवहन एवं श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने भी स्मारक पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान विभिन्न वर्गों से बड़ी संख्या में लोग पार्क में एकत्र हुए और इस गंभीर एवं भावपूर्ण कार्यक्रम के साक्षी बने। राज्यपाल बाद में कोलकाता में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

2004 के धमेजी विस्फोट के पीड़ितों को हिमंत ने दी श्रद्धांजलि
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 2004 में धमेजी में हुए आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सरकार ऐसी त्रासदी की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि असम हिंसा और उग्रवाद के दौर से बाहर निकल चुका है और अब राज्य के हर बच्चे के पास सुरक्षित भविष्य बनाने का अवसर है। 2004 में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण समारोह से कुछ मिनट पहले धमेजी के परेड ग्राउंड में उल्फा द्वारा किए गए विस्फोट में तीन बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हुई थी। सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट में मृत बच्चों, शिक्षकों और अन्य लोगों को याद करते हुए कहा कि धमेजी त्रासदी हिंसा और उग्रवाद की भयावह मानवीय कीमत की सबसे बड़ी यादों में से एक है और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि ऐसी घटना दोबारा न हो।

महुआ का दावा- सर्किट हाउस खाली करने का आदेश मिला
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल के नदिया जिला प्रशासन ने उन्हें स्थानीय सर्किट हाउस खाली करने का आदेश दिया, जबकि शुरुआत में उन्हें वहां एक कमरा आवंटित किया गया था। संसद सत्र के बाद रात में ठहरने के लिए सर्किट हाउस पहुंचीं मोइत्रा ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात उनके बाहर नहीं जाने पर परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि एक निर्वाचित सांसद के तौर पर वह इस सरकारी सुविधा का इस्तेमाल करने की हकदार हैं, लेकिन जिला प्रशासन उन्हें आधी रात में वहां से हटाकर परेशान करने का प्रयास कर रहा है।

मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि उन्हें आवंटित कमरा व्यवस्थित था और उन्हें रात का खाना भी परोसा गया था। उनके मुताबिक, वह शाम करीब 6:15 बजे सर्किट हाउस पहुंची थीं और रात 10 बजे से जिला प्रशासन उन्हें कमरा खाली करने के लिए संदेश भेज रहा था। उन्होंने बताया कि मना करने के बाद उन्हें जिला प्रशासन की ओर से कमरा खाली करने का औपचारिक आदेश मिला। कृष्णानगर की सांसद ने आरोप लगाया कि उन्हें डराने के इरादे से बड़ी भीड़ परिसर के बाहर जुटी और नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि वह पीछे नहीं हटेंगी और लोगों के बीच रहकर उनका सामना करेंगी।

मोइत्रा ने नदिया के नेजारथ डिप्टी कलेक्टर की ओर से जारी कथित आदेश भी सोशल मीडिया पर साझा किया। आदेश में कहा गया है कि वार्षिक रखरखाव, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं के कारण नदिया सर्किट हाउस 14 अगस्त 2026 की शाम से अगले आदेश तक उपलब्ध नहीं रहेगा, हालांकि 13 अगस्त 2026 से पहले की गई पुष्टि वाली बुकिंग को इससे बाहर रखा गया है। मोइत्रा ने आरोप लगाया कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने जिला प्रशासन को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा था, लेकिन वही प्रशासन उन्हें परेशान कर रहा है। इस मामले में नदिया जिला प्रशासन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

कर्नाटक में वनकर्मियों से मुठभेड़ में तीन कथित शिकारियों की मौत
कर्नाटक चामराजनगर जिले के शग्या रेंज के दत्ती वन क्षेत्र में शनिवार को वनकर्मियों के साथ मुठभेड़ में तीन कथित शिकारियों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना कावेरी वन्यजीव अभयारण्य के घने जंगल में उस समय हुई, जब तीनों कथित तौर पर जंगली जानवरों का शिकार कर उनका मांस अलग कर रहे थे। वनकर्मियों ने उन्हें हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद वनकर्मियों की जवाबी कार्रवाई में तीनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हनूर तालुक के थॉमियारपाल्या निवासी के रूप में हुई है। शवों को मैसूरु के अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया, जहां परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।

परिजनों ने वन कार्यालय में तोड़फोड़ की
मुठभेड़ के बाद मृतकों के रिश्तेदारों ने कथित तौर पर हनूर तालुक स्थित शग्या वन कार्यालय में तोड़फोड़ की। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान फर्नीचर, उपकरण, एक मोटरसाइकिल और कार्यालय का बोर्ड क्षतिग्रस्त कर दिया गया। कुछ सामान सड़क पर भी फेंक दिया गया। घटना के बाद पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

केरल सरकार ने कर्मचारियों के लिए 4,500 रुपये तक बोनस की घोषणा की
केरल सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए राज्य सरकार के कर्मचारियों और विभिन्न अन्य श्रेणियों के कर्मियों के लिए 4,500 रुपये तक बोनस और विशेष त्योहार भत्ते को मंजूरी दी है। 14 अगस्त को जारी सरकारी आदेश के अनुसार, बोनस के पात्र कर्मचारियों को एक महीने का वेतन या 4,500 रुपये, जो भी कम हो, दिया जाएगा। 31 मार्च 2026 को 11वें वेतन संशोधन के तहत जिन कर्मचारियों का कुल वेतन 49,275 रुपये तक था, वे इस बोनस के पात्र होंगे। इसमें राज्य सरकार के कर्मचारी, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों और स्थानीय स्वशासी संस्थाओं के कर्मचारी शामिल हैं। पात्रता के लिए 31 मार्च 2026 को सेवा में होना और वित्त वर्ष 2025-26 में कम से कम छह महीने की लगातार सेवा पूरी करना जरूरी है।

बोनस के पात्र नहीं कर्मचारियों को मिलेगा विशेष त्योहार भत्ता
जो कर्मचारी बोनस के पात्र नहीं हैं, उन्हें उनकी श्रेणी के अनुसार 3,000 से 1,250 रुपये तक विशेष त्योहार भत्ता दिया जाएगा। पिछले ओणम अवकाश के बाद सेवा में आए मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और मुख्य सचेतक के निजी स्टाफ को 3,000 रुपये का विशेष त्योहार भत्ता मिलेगा। आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आया, पैलिएटिव केयर नर्सों तथा BUDS स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों को 1,450 रुपये दिए जाएंगे। स्कूल काउंसलरों को 1,390 रुपये और विधायकों के अतिरिक्त स्टाफ को 1,350 रुपये का भत्ता मिलेगा।

पेंशनभोगियों को 1,250 रुपये का भत्ता
सेवा पेंशनरों, पारिवारिक पेंशनरों और अन्य श्रेणियों के पेंशनभोगियों को 1,250 रुपये का विशेष त्योहार भत्ता मिलेगा। आदेश के मुताबिक कर्मचारी और पेंशनभोगी बोनस या विशेष त्योहार भत्ते में से केवल एक ही लाभ ले सकेंगे। बोनस और विशेष त्योहार भत्ते का वितरण 17 अगस्त से शुरू होगा। वित्त वर्ष 2025-26 से संबंधित इन लाभों का आहरण और वितरण 31 मार्च 2027 तक किया जाना है।

तमिलनाडु के लिए KRS से पानी छोड़े जाने का भाजपा का दावा
भाजपा नेता मंजूनाथ सी.टी. ने शनिवार को दावा किया कि कर्नाटक के मांड्या जिले में स्थित कृष्णराज सागर (KRS) जलाशय से शनिवार तड़के करीब आधी रात तमिलनाडु के लिए पानी छोड़ा गया। भाजपा की मांड्या इकाई के प्रवक्ता मंजूनाथ के अनुसार, कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण के कर्नाटक को 15 दिनों तक प्रतिदिन 12,000 क्यूसेक पानी तमिलनाडु के लिए छोड़ने के निर्देश के बाद यह कदम उठाया गया। उन्होंने कहा कि पानी छोड़े जाने के बाद कावेरी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। मंजूनाथ ने पानी छोड़े जाने का ताजा वीडियो भी साझा किया।

किसानों और पेयजल जरूरतों पर सरकार की स्थिति का हवाला
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि यह कदम राज्य सरकार के उस पहले के रुख के बावजूद उठाया गया है, जिसमें किसानों और पेयजल की जरूरतों को देखते हुए तमिलनाडु को पानी नहीं छोड़ने की बात कही गई थी। कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण ने 12 अगस्त को कर्नाटक को 15 दिनों तक प्रतिदिन 12,000 क्यूसेक पानी तमिलनाडु के लिए छोड़ने का आदेश दिया था। राज्य सरकार ने कहा था कि वह इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने के विकल्प तलाशेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed