Maharashtra: गांजा बेचने का विरोध करने पर महिला पर हमला; 11.5 लाख की मेफेड्रोन के साथ नाइजीरियाई गिरफ्तार
ठाणे की एक झुग्गी बस्ती में गांजा बेचने का विरोध करने पर पड़ोसियों ने 38 वर्षीय महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट की। पुलिस ने बताया कि डोंबिवली शहर में हुए हमले के लिए तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने सिद्धार्थ नगर झुग्गी-झोपड़ियों में कथित तौर पर गांजा का कारोबार चलाने वाले आरोपियों पर आपत्ति जताई थी। आरोपियों ने महिला पर बांस और डंडों से हमला किया और उसके साथ गाली-गलौज की। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उसकी बेटी को भी बालों से घसीटा और उसकी पिटाई की। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पालघर में 11.5 लाख रुपये के मेफेड्रोन के साथ नाइजीरियाई गिरफ्तार
पालघर जिले में 36 वर्षीय एक नाइजीरियाई युवक को 11.5 लाख रुपये मूल्य की मेफेड्रोन रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। विरार की क्राइम यूनिट-3 के वरिष्ठ निरीक्षक शाहूराज रानावरे ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने शुक्रवार तड़के अचोले पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक मॉल के पास आरोपी को रोका। आरोपी देसमन्द चिदालु अनिग्बो ने टालमटोल भरे जवाब दिए और तलाशी के बाद टीम ने उसके पास से 46 ग्राम एमडी बरामद किया। इसकी कीमत 11.5 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें: नागपुर में एल्युमीनियम फैक्ट्री में विस्फोट, एक किलोमीटर दूर तक दिख रहा उठता धुआं; आठ लोग घायल
आईटी पेशेवर से 1.96 करोड़ की धोखाधड़ी पर युवक पर मुकदमा
आईटी पेशेवर से 1.96 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने और उसे जहर देकर मारने का प्रयास करने के आरोप में मुंबई के एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि जुलाई 2022 और फरवरी 2025 के बीच आरोपी सायन निवासी अजिंक्य अशोक मोहिते ने ठाणे निवासी 43 वर्षीय पीड़ित से दोस्ती की और कथित तौर पर उसे रत्नागिरी के चिपलून में जमीन में निवेश करने के लिए राजी किया। मोहिते ने पीड़ित से 92.7 लाख रुपये लिए। उसने छेड़छाड़ भी की, ब्लैकमेल किया और संपत्ति के दस्तावेज सौंपने की धमकी दी। आरोपी ने पीड़ित से कथित तौर पर 1.03 करोड़ रुपये के सोने के सिक्के भी लिए। पुलिस ने कहा कि हम वित्तीय लेनदेन, मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयानों की पुष्टि कर रहे हैं। अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है।
ठाणे में अवैध छात्रावास से 29 बच्चों को बचाया गया, पांच पर मुकदमा
ठाणे जिले में एक संगठन द्वारा संचालित अनधिकृत छात्रावास से दुर्व्यवहार की शिकायत के बाद कम से कम 29 बच्चों को बचाया गया। पुलिस ने शुक्रवार को खडावली स्थित आवासीय संस्थान, पासायदान विकास संस्था से 20 लड़कियों और नौ लड़कों को बचाया। मामले में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। चाइल्ड हेल्पलाइन को गुरुवार को शिकायत मिली थी कि संस्था में बच्चों के साथ मारपीट और यौन दुर्व्यवहार किया जा रहा है।
जिला महिला एवं बाल विकास कार्यालय की एक टीम ने पुलिस के साथ मिलकर शुक्रवार को संस्था का निरीक्षण किया और बच्चों से बातचीत करने के बाद आरोपों को सही पाया। बचाए गए बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। इनमें से कुछ बच्चे खडावली के जिला परिषद स्कूल में पढ़ते हैं। संस्था के निदेशक, उसके दो पारिवारिक सदस्यों तथा दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कलेक्टर अशोक शिंगारे ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और कल्याण हमेशा से प्रशासन की प्राथमिकता रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुणे के मोशी में नींबू के पेड़ से लटके मिले दो युवकों के शव
महाराष्ट्र के पुणे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां जिले के मोशी इलाके में दो युवकों के शव एक नींबू के पेड़ से लटके हुए मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना शुक्रवार को भारतमाता चौक के पास खिरिद वस्ती में सामने आई। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान तुषार धागे (25) और सिकंदर शेख (30) के रूप में हुई है। दोनों अहिल्यानगर, जामखेड तालुका के रहने वाले थे और एक दिन पहले ही अपने गांव हुंडा पिंपलगांव से पुणे आए थे। वहीं भोसरी एमआईडीसी पुलिस थाना के अधिकारी ने बताया कि दोनों आपस में दोस्त थे। मामले की प्राथमिक जांच की जा रही है और पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा कि मौत के पीछे की वजह क्या है, यह अभी साफ नहीं है। आगे की जांच जारी है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।
महाराष्ट्र के कृषि मंत्री के घर के बाहर पूर्व विधायक का धरना
महाराष्ट्र के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे के घर के बाहर शुक्रवार देर रात प्रहार जनशक्ति पार्टी (पीजेपी) के संस्थापक और पूर्व विधायक बच्चू कडू के नेतृत्व में किसानों और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। गंगापुर रोड इलाके में मंत्री के घर के बाहर उन्होंने कृषि ऋण माफी और कुछ अन्य मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसानों से जबरन ऋण वसूली बंद की जाए। इससे पहले, प्रदर्शनकारियों ने मंत्री कोकाटे के घर तक मशाल रैली निकाली। हालांकि, मंत्री कोकाटे घर पर नहीं मिले। इस दौरान पूर्व विधायक कडू और प्रदर्शनकारियों ने फैसला किया कि वह तब तक धरना देंगे, जब तक कि उन्हें अपनी मांगों को पूरा करने के लिए लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता। हालांकि, मंत्री कोकाटे ने फोन से संपर्क कर बताया कि वह नासिक के सिन्नर में हैं और पूर्व विधायक से आंदोलन वापस लेने की अपील की। इसके बाद कुडू और प्रदर्शनकारी कोकाटे से मिलने के लिए सिन्नर रवाना हो गए। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया।