Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   LS Secretariat changes seats for 97 MPs, will sit separately from INDIAlliance; Delimitation Bill on 30 Nov

विशेष सत्र: लोकसभा सचिवालय ने बदली 97 सांसदों की सीटें, विपक्षी गठबंधन से अलग बैठेंगे; कल आएगा परिसीमन विधेयक

Sun, 29 Nov 2026 04:05 AM IST
पवन पांडेय आईएएनएस, नई दिल्ली
आईएएनएस, नई दिल्ली Published by: पवन पांडेय Updated Sun, 29 Nov 2026 04:05 AM IST
सार

संसद के विशेष सत्र से पहले लोकसभा सचिवालय ने 97 सांसदों की सीटें बदली हैं। डीएमके सांसदों को इंडिया ब्लॉक से अलग बैठने के लिए नई सीटें आवंटित हुई हैं। वहीं, 30 नवंबर को अर्जुन राम मेघवाल परिसीमन विधेयक पेश करेंगे। इसमें लोकसभा-विधानसभा सीटें 50% बढ़ाने और महिलाओं को 33% आरक्षण देने का प्रस्ताव है।

विज्ञापन
LS Secretariat changes seats for 97 MPs, will sit separately from INDIAlliance; Delimitation Bill on 30 Nov
लोकसभा सचिवालय ने बदली 97 सांसदों की सीटें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संसद के विशेष सत्र से पहले लोकसभा सचिवालय ने सदन में सांसदों की बैठने की व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। जारी सर्कुलर के अनुसार डीएमके के सांसदों को नई सीटें आवंटित की गई हैं और अब वे इंडिया ब्लॉक के अन्य दलों के सांसदों से अलग बैठेंगे। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी, एनसीपी (शरद पवार गुट), शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और कांग्रेस के सहयोगी दलों के कुछ सांसदों की सीटों में भी बदलाव किया गया है। 
विज्ञापन


लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी सर्कुलर में कुल 97 सांसदों के सीट नंबर पुनः आवंटित किए गए हैं। इसमें डीएमके की सांसद कनिमोझी करुणानिधि, टी.आर. बालू, ए. राजा, दयानिधि मारन समेत पार्टी के कई सांसदों को एक साथ नए ब्लॉक में सीटें दी गई हैं। माना जा रहा है कि यह बदलाव डीएमके की उस मांग के बाद किया गया है, जिसमें पार्टी ने लोकसभा में अपने सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था करने को कहा था। राजनीतिक स्तर पर डीएमके और कांग्रेस के रास्ते अलग होने के बाद पार्टी सदन में भी अपनी अलग पहचान चाहती थी। इसी के मद्देनजर लोकसभा सचिवालय ने सीटों के पुनर्गठन का फैसला किया।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: ओडिशा: परिसीमन विधेयक पर जल्दबाजी नहीं करेगी बीजू जनता दल, पूर्व सीएम नवीन पटनायक तय करेंगे पार्टी का रुख
विज्ञापन
विज्ञापन


नई व्यवस्था में डीएमके के सांसदों को एक समूह के रूप में नई पंक्तियों में स्थानांतरित किया गया है। कनिमोझी करुणानिधि को सीट संख्या 357, टी.आर. बालू को 355 और ए. राजा को 356 आवंटित की गई है। वहीं पार्टी के अन्य सांसदों को भी आसपास की सीटों पर स्थान दिया गया है। सीटों के इस पुनर्बंटवारे का असर केवल डीएमके तक सीमित नहीं है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख सांसदों, जिनमें अखिलेश यादव, डिंपल यादव, अफजाल अंसारी, धर्मेंद्र यादव और अन्य सदस्य शामिल हैं, की सीटें भी बदली गई हैं।

इसके अलावा एनसीपी (शरद पवार गुट) की सुप्रिया सुले, कांग्रेस समर्थित सहयोगी दलों के कुछ सांसदों और उद्धव ठाकरे खेमे के नेताओं को भी नई सीटें आवंटित की गई हैं। इससे विपक्षी सांसदों की मौजूदा बैठने की व्यवस्था में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिलेगा। लोकसभा में बैठने की व्यवस्था केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं होती, बल्कि यह राजनीतिक समीकरणों और दलों की रणनीतिक स्थिति को भी दर्शाती है। ऐसे में डीएमके सांसदों का इंडिया ब्लॉक के सांसदों से अलग बैठना संसद के आगामी विशेष सत्र के दौरान राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
 
Trending Videos

LS Secretariat changes seats for 97 MPs, will sit separately from INDIAlliance; Delimitation Bill on 30 Nov
अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय मंत्री - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
कल लोकसभा परिसीमन विधेयक पेश करेंगे अर्जुन राम मेघवाल
केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल संसद के विशेष सत्र के पहले दिन 30 नवंबर को लोकसभा में परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक, 2026 पेश करेंगे। यह जानकारी सांसदों को भेजी गई लोकसभा की कार्यसूची (लिस्ट ऑफ बिजनेस) में दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और उससे जुड़े परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी गई थी। अर्जुन राम मेघवाल सोमवार को सदन में एक प्रस्ताव पेश करेंगे, जिसमें लोकसभा के नियम 66 के एक प्रावधान को निलंबित करने की मांग की जाएगी। इससे उस स्थिति में भी संबंधित विधेयक पर विचार और उसे पारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी, जब उसका आधार बनने वाला संविधान संशोधन विधेयक अभी लंबित हो। लोकसभा का नियम 66 ऐसे प्रावधानों से जुड़ा है, जिनके तहत किसी दूसरे विधेयक पर निर्भर विधेयक को उस समय पेश किया जा सकता है जब मूल विधेयक सदन में विचाराधीन हो और उसके पारित होने की संभावना हो।

30 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी लोकसभा में केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 पेश करेंगे। यह विधेयक उन केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों को संविधान (132वां संशोधन) विधेयक के अनुरूप बनाने के लिए लाया जा रहा है, जहां निर्वाचित विधानसभा है। इनमें दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी शामिल हैं। यह विधेयक संविधान के अनुच्छेद 334ए में संशोधन का प्रस्ताव करता है, जो विधानमंडलों में महिलाओं के आरक्षण से संबंधित है। प्रस्तावित संशोधन के तहत लोकसभा में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आवंटित सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की जा सकेगी। राज्यों की विधानसभाओं की सीटों में भी 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। राज्य विधानसभाओं में कुल 650 अतिरिक्त सीटें जोड़ी जा सकती हैं।

ये भी पढ़ें: '2047 तक विकसित और शक्तिशाली भारत का लक्ष्य': रक्षा मंत्री बोले- एनडीए के कैडेट देश की सुरक्षा का मजबूत कवच

सोमवार को पेश किए जाने वाले दोनों विधेयक उन पुराने विधेयकों को औपचारिक रूप से वापस लेने के बाद सदन में लाए जाएंगे, जिन्हें पहले लोकसभा से मंजूरी नहीं मिल पाई थी। नए परिसीमन विधेयक के साथ दिए गए उद्देश्य और कारणों के विवरण में कहा गया है कि सीटों में समान वृद्धि का मकसद जनप्रतिनिधित्व बढ़ाना है, जबकि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखा जाएगा। सरकार का कहना है कि प्रस्तावित कानून लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को भी आसान बनाएगा। परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 में कानून लागू होने के बाद एक परिसीमन आयोग गठित करने का प्रस्ताव है। यह आयोग देशभर में संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण करेगा और सीटों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी करेगा।
 

LS Secretariat changes seats for 97 MPs, will sit separately from INDIAlliance; Delimitation Bill on 30 Nov
प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
महिला आरक्षण और परिसीमन एक मजबूत लोकतंत्र की दिशा में ऐतिहासिक कदम- प्रह्लाद जोशी
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रस्तावित 33 प्रतिशत महिला आरक्षण और परिसीमन के जरिए लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों का विस्तार लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। उन्होंने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया से किसी भी क्षेत्र के साथ अन्याय किए बिना, सभी राज्यों में राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार 'नारी शक्ति' को प्राथमिकता देकर और देश की लोकतांत्रिक व प्रशासनिक प्रणालियों में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करके एक विकसित भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय मंत्री जोशी ने आगे कहा कि महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना केवल सशक्तिकरण का मामला नहीं है, बल्कि यह महिला नेतृत्व को मजबूत करने और महत्वपूर्ण निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी मिलने को एक और ऐतिहासिक फैसला बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या को बढ़ाकर 816 करने की दिशा में एक साहसिक कदम उठाया है। प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया पर मीडिया से बात करते हुए जोशी ने कहा कि पहले अपनाए गए फॉर्मूले के आधार पर कर्नाटक और उत्तर प्रदेश सहित सभी राज्यों में लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या में 50 प्रतिशत तक की वृद्धि हो सकती है। 

ये भी पढ़ें: विकसित भारत: 2047 के विजन पर सांसद शशि थरूर ने रखी राय, बताया आर्थिक तरक्की के साथ क्या है जरूरी

अनुमानित गणनाओं के अनुसार, कर्नाटक का प्रतिनिधित्व मौजूदा 28 सीटों से बढ़कर 40 हो सकता है, जबकि उत्तर प्रदेश की सीटों की संख्या 80 से बढ़कर 120 हो सकती है। इस प्रस्तावित विस्तार के खिलाफ कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय मंत्री ने पूछा कि कांग्रेस नेताओं को इससे क्या दिक्कत है? क्या कर्नाटक की मौजूदा सभी 28 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कब्जा है? जोशी ने कहा कि यह विस्तार उसी फॉर्मूले के आधार पर किया जा रहा है, जिसका इस्तेमाल पहले निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या तय करने के लिए किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि अगर पिछली सरकारों के कार्यकाल में किया गया सीटों का आवंटन सही माना गया था, तो मौजूदा परिसीमन प्रक्रिया को भी स्वीकार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जो कुछ भी किया गया, उसे सही माना जाता है। लेकिन जब हम कुछ करने की कोशिश करते हैं, तो क्या उसे गलत माना जाता है? विपक्ष का यह रवैया अनुचित है। परिसीमन की प्रक्रिया में किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा कि संसद के विस्तार से राष्ट्रीय स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों की आवाजों, प्राथमिकताओं और आकांक्षाओं को बेहतर प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे संसदीय प्रणाली और लोकतंत्र अधिक मजबूत होंगे।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जोशी ने कहा कि भारत का संसदीय ढांचा एक बड़े विस्तार के लिए तैयार है, जो एक आगे बढ़ते राष्ट्र की आकांक्षाओं को दर्शाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 'परिसीमन संशोधन विधेयक' को मंजूरी मिलने से लोकसभा की सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करने का रास्ता साफ हो गया है। इससे राष्ट्रीय स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में विभिन्न क्षेत्रीय आवाजों और प्राथमिकताओं को अधिक जगह मिलेगी, जिससे भारत का संसदीय लोकतंत्र और मजबूत होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed