{"_id":"67438f51f5bb5529360ad154","slug":"kerala-mla-mukesh-m-sexual-harassment-allegation-updates-malayalam-actress-stance-change-2024-11-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kerala: माकपा विधायक के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत अब वापस नहीं लेंगी मलयाली अभिनेत्री, परिवार ने दिया हौसला","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Kerala: माकपा विधायक के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत अब वापस नहीं लेंगी मलयाली अभिनेत्री, परिवार ने दिया हौसला
Mon, 25 Nov 2024 02:10 AM IST
दीपक कुमार शर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोच्चि
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोच्चि
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Mon, 25 Nov 2024 02:10 AM IST
सार
मलयाली अभिनेत्री ने बताया कि उनके परिवार ने उन्हें इस लड़ाई को जारी रखने का हौसला दिया और शिकायतें वापस लेने के फैसले पर दोबारा से सोचने को कहा। उन्होंने आगे बताया कि उनके पति ने फोन कर उन्हें इन मामलों को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया। इसके साथ ही पूरे परिवार के समर्थन का भी भरोसा दिया।
विज्ञापन
अभिनेता मुकेश एम
- फोटो : Facebook/@mukeshcineactor
विस्तार
मलयाली अभिनेत्री ने अब अपनी शिकायतों को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। उन्होंने रविवार को कहा कि वह अपनी शिकायतें वापस नहीं लेंगी और इंसाफ के लिए कानूनी तौर पर मामलों पर डटी रहेंगी। दरअसल, शुक्रवार को अभिनेत्री ने केरल सरकार से समर्थन और पर्याप्त सुरक्षा न मिलने का दावा करते हुए माकपा विधायक मुकेश एम और अन्य अभिनेताओं के खिलाफ की गई यौन उत्पीड़न की शिकायत वापस लेने का फैसला लिया था।
विज्ञापन
अभिनेत्री ने मीडिया को बताया कि उनके परिवार ने उन्हें इस लड़ाई को जारी रखने का हौसला दिया और शिकायतें वापस लेने के फैसले पर दोबारा से सोचने को कहा। उन्होंने आगे बताया कि उनके पति ने फोन कर उन्हें इन मामलों को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया। इसके साथ ही पूरे परिवार के समर्थन का भी भरोसा दिया।
विज्ञापन
अभिनेत्री का दावा- जानबूझकर पॉक्सो मामले में बनाया आरोपी
51 साल की अभिनेत्री ने कहा कि उनके पति ने उनसे खुद के साथ हुए उत्पीड़न की शिकायतों से पीछे हटने को मना किया। पीड़ित अभिनेत्री ने दावा किया था कि मनियानपिल्ला राजू और इदावेला बाबू सहित अभिनेताओं के खिलाफ उनकी शिकायतों के बाद उन्हें जानबूझकर पॉक्सो मामले में आरोपी बनाया गया।
विज्ञापन
अभिनेत्री पर है पॉक्सो का मामला दर्ज
बताते चलें कि मुवत्तुपुझा पुलिस ने अभिनेत्री के खिलाफ उसके रिश्तेदार की दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। हालांकि अभिनेत्री ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। उनका कहना था कि उन पर ये आरोप हाई-प्रोफाइल अभिनेताओं के खिलाफ उनकी शिकायत से ध्यान हटाने के लिए लगाए गए हैं।
एसपी-डीजीपी और पीएम को भी मेल कर आरोप झूठा बताया
अभिनेत्री ने कहा कि पॉक्सो का मामला दर्ज होने के बाद मैं परेशान हो गई, क्योंकि मेरे बच्चे भी थोड़े चिंतित थे। मेरे माता-पिता और रिश्तेदार भी पॉक्सो मामले को लेकर चिंतित थे। उन्होंने कहा कि मैंने उस पुलिस स्टेशन में एक जवाबी शिकायत दर्ज कराई, जहां एफआईआर दर्ज की गई थी। फिर मैंने एसपी, डीजीपी और यहां तक कि प्रधानमंत्री को भी एक मेल भेजा और बताया कि ये आरोप झूठा है।
शिकायत वापसी के दिन अभिनेत्री ने कहा- वह निर्दोष हैं
अभिनेत्री ने शिकायत वापस लेने वाले दिन कहा था कि वह निर्दोष हैं और उन्हें इंसाफ मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि उन्होंने आत्महत्या की तो इसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार होगी।
न्यायमूर्ति हेमा समिति की रिपोर्ट के बीच सामने आए यौन उत्पीड़न के आरोप
अभिनेत्री ने अभिनेता मुकेश एम, जयसूर्या, मनियानपिला राजू और इदावेला बाबू पर फिल्म परियोजनाओं में सहयोग के दौरान मौखिक और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था। मलयालम फिल्म उद्योग में महिलाओं के बड़े पैमाने पर उत्पीड़न और शोषण पर न्यायमूर्ति हेमा समिति की रिपोर्ट के बीच ये आरोप सामने आए थे।
अगस्त में केरल पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
इस साल अगस्त में, केरल पुलिस ने अभिनेता और कोल्लम से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) या सीपीआई (एम) विधायक मुकेश एम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने यह भी बताया कि मलयाली अभिनेत्री की शिकायत पर ही अभिनेता जयसूर्या के खिलाफ भी धारा 354 के तहत एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अभिनेत्री के बयान भी दर्ज किए।