Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Karnataka: Woman presumed murdered in 2019 found alive; man spent over 2 years in jail

कर्नाटक: 2019 में हत्या के बाद नदी में फेंकी गई थी महिला, अब जिंदा मिली, आरोपी 2+ साल रहा जेल; अब होगी जांच

Sat, 14 Nov 2026 11:15 PM IST
निर्मल कांत पीटीआई, मांड्या
पीटीआई, मांड्या Published by: निर्मल कांत Updated Sat, 14 Nov 2026 11:15 PM IST
सार

कर्नाटक में 2019 में लापता हुई महिला की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति दो साल पांच महीने जेल में रहा। अब महिला जीवित मिल गई है। आरोपी ने पुलिस पर झूठे केस में फंसाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। आखिर इस मामले की जांच में क्या चूक हुई? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
Karnataka: Woman presumed murdered in 2019 found alive; man spent over 2 years in jail
पुलिस (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : आईस्टॉक

विस्तार

कर्नाटक में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। 2019 में लापता हुई एक महिला को मृत मान लिया गया था। उसके अपहरण और हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। वह दो साल से ज्यादा समय जेल में भी रहा। अब वही महिला जिंदा मिल गई है। इसके बाद पुलिस की जांच पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में कथित लापरवाही की जांच के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है।
विज्ञापन


पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। महिला को फिलहाल संतवना केंद्र यानी महिला आश्रय गृह में रखा गया है। 11 नवंबर को बिंदिगनविले थाने में एक गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज की गई थी। यह रिपोर्ट आरोपी के वकील नतेश की ओर से मिली जानकारी के बाद दर्ज हुई।
विज्ञापन


महिला कब और कैसे लापता हुई थी?
मांड्या की पुलिस अधीक्षक शोभा रानी ने बताया कि महिला की शादी उसके पिता ने 2019 में मंजूनाथ नाम के व्यक्ति से कराई थी। बाद में वह घर लौटी। उसने बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। इसके बाद 3 जुलाई 2019 को वह लापता हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस अधिकारी के मुताबिक, उसी दिन महिला के परिवार ने पांडवपुरा थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला को तलाशने के लिए सभी जरूरी प्रयास किए गए। लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 2021 में इस मामले को अनसुलझे मामलों की फाइल में डाल दिया गया।

पिता ने किस पर लगाया था हत्या का आरोप?
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 11 अगस्त 2021 को महिला के पिता नागराज पांडवपुरा थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि दो लोगों ने उन्हें एक जानकारी दी है।

उन लोगों के मुताबिक, राजेश नाम का एक व्यक्ति उनकी बेटी को उसी दिन अपने साथ ले गया था, जिस दिन वह लापता हुई थी। आरोप था कि राजेश ने उसी रात उसकी हत्या कर दी और शव को कावेरी नदी में फेंक दिया। पिता की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद निरीक्षक प्रभाकर ने जांच शुरू की। प्रभाकर अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार किया और अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।

महिला के जिंदा मिलने की जानकारी किसने दी?
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, 11 नवंबर को आरोपी राजेश के वकील ने पुलिस को बताया कि महिला जिंदा है। इसके बाद बिंदिगनविले थाने में गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज की गई। महिला को काउंसलिंग सेंटर ले जाया गया। हालांकि, महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसे सिर्फ इतनी जानकारी थी कि उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद क्या-क्या हुआ, उसे इसकी कोई जानकारी नहीं थी।

ये भी पढ़ें: 'अमेरिका में 2500 से अधिक उड़ानें रद्द': एअर इंडिया की फ्लाइट्स पर नहीं पड़ा असर; सभी समय पर कैसे पहुंचीं?

पुलिस अधीक्षक शोभा रानी ने कहा, हालांकि, अभी इस मामले की विस्तृत जांच की जानी बाकी है। जहां तक हत्या के मामले की बात है, इसमें पहले ही आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। अदालत ने आरोपपत्र को रिकॉर्ड पर ले लिया है और फिलहाल मामले की सुनवाई चल रही है।

शव नहीं मिला तो राजेश को कैसे किया गया गिरफ्तार?
इस सवाल पर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राजेश के कथित कबूलनामे और दो अन्य लोगों के बयानों के आधार पर आरोपपत्र दाखिल किया गया था। उन्होंने कहा कि मामला फिलहाल अदालत में सुनवाई के लिए लंबित है।

महिला के दोबारा सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी स्तर के अधिकारी से विस्तृत जांच कराने का आदेश दिया है। जांच में कथित लापरवाही, मामले से जुड़ी परिस्थितियों और आरोपपत्र दाखिल करने के आधार की पड़ताल की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच करने वाले निरीक्षक प्रभाकर अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि मामले की जांच कैसे हुई थी और आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र क्यों दाखिल किया गया था।

राजेश ने पुलिस पर क्या आरोप लगाए?
राजेश पत्थर की खदान में दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करता है। उसने आरोप लगाया कि उसे झूठे मामले में फंसाया गया। पुलिस हिरासत में उससे कबूलनामा लेने के लिए उसे प्रताड़ित भी किया गया। उसने बताया कि जमानत मिलने से पहले वह दो साल और पांच महीने जेल में रहा। इस दौरान उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई। राजेश ने सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर पर उसे झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया। उसने कहा कि लोग उसे हत्यारा कहते थे। उसके माता-पिता को भी बुरा-भला कहते थे।

राजेश ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया, मुझे करीब 15 दिनों तक पुलिस स्टेशन में रखा गया। वहां मुझे बिजली के झटके दिए गए और जूतों से पीटा गया। मुझे धमकी दी गई कि अगर मैंने अपराध कबूल नहीं किया, तो मेरी बहन और बहनोई को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उसने यह भी दावा किया कि पुलिस उसे मदिकेरी ले गई थी। वहां उसे एक और सप्ताह तक रखा गया। इस दौरान पुलिस ने कथित तौर पर उससे कावेरी नदी के पास एक जगह की पहचान कराई। पुलिस का दावा था कि महिला का शव वहीं फेंका गया था।

राजेश ने महिला को जानने और उसके घर जाने से भी इनकार किया। उसने कहा कि उसने सिर्फ बस स्टैंड पर एक व्यक्ति को अपना फोन दिया था। वह व्यक्ति किसी को फोन करना चाहता था। राजेश के मुताबिक, उसे कथित अपराध के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

महिला ने अपनी शादी को लेकर क्या बताया?
इस बीच, महिला ने भी पत्रकारों से बातचीत की। उसने कहा कि वह राजेश को कभी नहीं जानती थी। उसे हत्या के मामले के बारे में भी कोई जानकारी नहीं थी। महिला ने बताया कि वह 2019 में अपने माता-पिता का घर छोड़कर चली गई थी। उसके पिता ने उसकी शादी उसके मामा से तय की थी। वह इस शादी से खुश नहीं थी।


महिला ने कहा, मेरे पिता ने मेरी मर्जी के खिलाफ मेरी शादी कराई थी। इसलिए मैं उस व्यक्ति के साथ चली गई, जिससे मैं प्यार करती थी। उसने बताया कि वह तमिलनाडु में रही थी। बाद में कर्नाटक लौट आई। उसने कहा कि मामले की सच्चाई स्पष्ट करने के लिए वह अदालत में गवाही देगी।

महिला के पति ने क्या कहा?
महिला के पति नागेंद्र ने भी मीडिया से बातचीत की। उसने बताया कि दोनों की शादी छह साल पहले माले महादेश्वर पहाड़ियों में हुई थी।  उसने कहा कि वह इस मामले में अदालत के सामने पेश होगा।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed