फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Ex Delhi CM Atishi and AAP oppose bulldozer action against slums

Delhi: अतिशी बोलीं- भाजपा ने जहां झुग्गी-वहां मकान देने की नहीं, जहां झुग्गी-वहां मैदान बनाने की दी थी गारंटी

Fri, 25 Jul 2025 05:53 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: निर्मल कांत Updated Fri, 25 Jul 2025 05:53 PM IST
सार

Delhi: आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने दिल्ली में झुग्गियों पर बुलडोजर चलाए जाने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि 'जहां झुग्गी-वहां मकान' का वादा अब 'जहां झुग्गी-वहां मैदान' में बदल गया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गरीबों के साथ है और सड़क से लेकर सदन तक झुग्गियों को बचाने की लड़ाई लड़ेगी। शालीमार बाग और लाल बाग सहित कई इलाकों में झुग्गीवासियों को उजाड़ने की तैयारी से लोगों में दहशत और मायूसी का माहौल है।

विज्ञापन
Ex Delhi CM Atishi and AAP oppose bulldozer action against slums
अतिशी (फाइल) - फोटो : इंस्टाग्राम/अतिशी

विस्तार

आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने झुग्गियों पर बुलडोजर एक्शन को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने 'जहां झुग्गी-वहां मकान' देने की नहीं, बल्कि 'जहां झुग्गी वहां मैदान' बनाने की गारंटी दी थी। आप हमेशा गरीबों के साथ खड़ी है और इन झुग्गियों को बचाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी। 
विज्ञापन


दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री अतिशी ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय पर इस मुद्दे को लेकर प्रेसवार्ता की। इस दौरान उनके साथ शालीमार बाग से आप की पूर्व विधायक वंदना कुमारी, पार्षद जलज चौधरी और रोहताश नगर से पार्षद शिवानी पांचाल भी मौजूद थे। अतिशी ने कहा कि चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने प्रचार के दौरान कहा था कि दिल्ली में रहने वाले हर झुग्गीवाले को मकान मिलेगा। गरीबों को 'जहां झुग्गी-वहां मकान' लिखे कार्ड दिए गए। वादा किया गया था कि जब तक मकान नहीं मिलता, एक भी झुग्गी नहीं तोड़ी जाएगी। लेकिन बीते छह महीनों से जबसे भाजपा की चार इंजन की सरकार बनी, एक-एक करके गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। 
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: 'जनता से माफी मांगें सिद्धारमैया और शिवकुमार..', चुनाव आयोग पर हमला करने को लेकर बोले विजयेंद्र
विज्ञापन
विज्ञापन

 
भाजपा की सच्चाई आ गई सामने, जहां झुग्गी वहां मैदान बना रही: अतिशी
आतिशी ने कहा कि भाजपा की सच्चाई सामने आ गई है कि वह यह नहीं कह रही थी कि ‘जहां झुग्गी, वहां मकान’ देंगे, बल्कि वह कह रहे थे कि जहां झुग्गी है, उसको मैदान बना देंगे। पिछले छह महीनों में मद्रासी कैंप, भूमिहीन कैंप, वजीरपुर, जेलरवाला बाग, गोकुलपुर और मादीपुर में बुलडोजर चले। अब दो और झुग्गियों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी हो गई है। शालीमार बाग के इंदिरा कैंप में नोटिस लगाया गया है कि 15 दिन में झुग्गियों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। शालीमार बाग मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की विधानसभा है। मुख्यमंत्री बार-बार दावा करती हैं कि दिल्ली में एक भी झुग्गी नहीं तोड़ी जाएगी। इस दावे के बाद भी शालीमार बाग विधानसभा की एक झुग्गी पर बुलडोजर चल चुका है और दूसरी पर चलने वाला है। 

आप नेता आगे कहा कि इंदिरा कैंप की झुग्गियों में लोग 1990 के दशक से रह रहे हैं। इन लोगों को तत्कालीन दिल्ली प्रशासन ने टोकन और कार्ड दिए थे। यहां लोग 35 साल से भी ज्यादा समय से रह रहे हैं। इसके बाद भी भाजपा की चार इंजन की सरकार इन गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाने वाली है। इसी तरह, शहादरा की जीटी रोड पर लाल बाग की झुग्गियों में भी 31 जुलाई को बुलडोजर चलाने का नोटिस लगा दिया गया है। लालबाग में भी लोगों के पास दिल्ली प्रशासन की ओर से 1990 में दिए गए अलॉटमेंट कार्ड हैं। 1990 से अब तक किसी सरकार ने इनके घर नहीं तोड़े, लेकिन जैसे ही चार इंजन वाली भाजपा की सरकार आई है, एक के बाद एक गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।



गरीबों की ताकत को कम न समझे भाजपा: अतिशी
आतिशी ने कहा कि दिल्ली भाजपा गरीबों की ताकत को कम न समझे। इन गरीबों की मेहनत से दिल्ली चलती है। ये गरीब लोग घरों, दुकानों, फैक्ट्रियों में काम करते हैं। ऑटो, रिक्शा, बस और गाड़ियां चलाते हैं। अगर सरकार ने गरीबों के घर तोड़ने की कोशिश की, तो दिल्ली को चलाने का काम करने वाले गरीब लोग भाजपा सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे और दिल्ली को रोकने का काम करेंगे। 'आप' पहले भी गरीबों के हक की लड़ाई लड़ती आई है, आज भी लड़ रही है और आगे भी लड़ेगी। आम आदमी पार्टी इन झुग्गियों को बचाने के लिए सड़क पर उतरेगी, कोर्ट जाएगी, संसद और विधानसभा में भी यह मुद्दा उठाएगी। हम भाजपा को झुग्गियां तोड़ने नहीं देंगे।


ये भी पढ़ें: संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू बोले- लोकसभा में शुरू होगी जस्टिस वर्मा को हटाने की प्रक्रिया, सभी दल सहमत

बुलडोजर एक्शन से डरे हुए हैं झुग्गीवासी: वंदना कुमारी
वहीं, पूर्व विधायक वंदना कुमारी ने कहा कि गुरुवार को शालीमार बाग के इंदिरा कैंप में दोपहर करीब दो बजे अचानक अफरा-तफरी मच गई। एक नोटिस चिपकाया गया, जिसमें लिखा था कि 15 दिन में मकान खाली कर लें। लोग दहशत में थे और परेशान थे। समझ नहीं पा रहे थे कि 15 दिन में क्या करें। इसी विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रहती हैं। रेखा गुप्ता बार-बार कहती हैं कि एक भी झुग्गी नहीं टूटने देंगी, लेकिन उनकी ही विधानसभा में पहले भी झुग्गियों पर बुलडोजर चला और अब इंदिरा कैंप में 15 दिन बाद बुलडोजर चलाने की तैयारी है। लोग डरे हुए हैं कि 15 दिन बाद बुलडोजर आएगा, तो वे कहां जाएंगे।

मायूस हैं झुग्गीवासी, किसी के घर पर नहीं बना रात का खाना: जलज चौधरी
वहीं, पार्षद जलज चौधरी ने कहा कि इंदिरा कैंप मेरे वार्ड 55 में आता है। जब हम नोटिस लगने के बाद वहां पहुंचे, तो लोगों में बहुत मायूसी थी। लोगों ने कहा कि पीएम मोदी ने वादा किया था कि दिल्ली की एक भी झुग्गी नहीं टूटेगी और ‘जहां झुग्गी, वहां मकान’मिलेगा। हर मां, बहन, बुजुर्ग और युवा मायूस थे। किसी के घर में रात को खाना नहीं बना। लोग पूरी रात रोते रहे, परेशान थे और कोई मार्गदर्शन करने वाला नहीं था। 

चौधरी ने कहा कि पूरी दिल्ली में गरीबों को निशाना बनाया जा रहा है और यह रेखा गुप्ता की विधानसभा है। वहां ज्यादातर पूर्वांचल के लोग हैं। अभी बिहार में चुनाव होने वाले हैं। लोग कह रहे थे कि उत्तर प्रदश और बिहार के लोगों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। भाजपा के प्रवक्ताओं ने पूर्वांचल के लोगों के खिलाफ अपशब्द कहे थे। यह राजनीति भाजपा के लिए नुकसानदायक होगी। 'आप'और सभी नेता झुग्गीवासियों के लिए पूरी लड़ाई लड़ेंगे और शालीमार बाग में एक भी झुग्गी नहीं टूटने देंगे।



 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed