लोजपा ने ममता के खिलाफ किन्नर को उतारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ एक किन्नर को मैदान में उतारने का फैसला किया है। पार्टी के उपाध्यक्ष राम चंद्र पासवान से शनिवार को इसका एलान किया।
राम चंद्र पासवान ने बताया कि महानगर की भवानीपुर विधानसभा सीट पर ममता के खिलाफ एक किन्नर बाबी हाल्दार (39) पार्टी के बैनर तले चुनाव मैदान में उतरेगा। राज्य के चुनावी इतिहास में किसी राजनीतिक दल की ओर से किसी किन्नर को मैदान में उतारने का यह पहला मामला है।
मालूम हो कि इस सीट पर ममता के खिलाफ कांग्रेस-वाम गठबंधन की दीपा दासमुंशी और भाजपा के चंद्र कुमार बोस भी मैदान में हैं। इस सीट पर 30 अप्रैल को मतदान होना है।
माकपा को वोट दिया तो फिर हिंसा होगी
वहीं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को लोगों को माओवादी हिंसा की याद दिलाते हुए कहा कि अगर माकपा सत्ता में लौटी, तो जंगलमहल इलाका एक बार फिर अशांत हो उठेगा। जंगलमहल इलाके के दौरे के दूसरे दिन शनिवार को शिलदा में पार्टी की एक चुनावी रैली में उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से इलाके में शांति बहाल हुई है।
ममता ने कहा कि अगर आप लोग माकपा को सत्ता में वापसी का मौका देंगे, तो जंगलमहल इलाके में दोबारा हिंसा भड़क उठेगी। ममता ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद माओवादी हिंसा पर तो अंकुश लगा ही है।
इसके अलावा इलाके का चौतरफा विकास भी हुआ है। कांग्रेस व वाम मोर्चा के तालमेल का जिक्र करते हुए ममता ने कहा कि ये दोनों भाई-भाई हो गए हैं। कांग्रेस अब माकपा की ए टीम हो गई है। उन्होंने लोगों से कांग्रेस, माकपा व भाजपा को हराने की अपील की।