टाहलीवाल (ऊना)। टाहलीवाल चौक में बुधवार को सीएम का पुतला जलाने को लेकर पुलिस व युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जमकर छीनाझपटी हुई। धरना देने आए युकाइंयों से जैसे ही सीएम का पुतला गाड़ी से निकाला मौके पर मौजूद सतर्क हो गई। पुलिस ने युकां कार्यकर्ताओं से पुतला छीन लिया। छीनाझपटी में पुतले के कुछ कपड़े युकां कार्यकर्ताओं के पास रह गए। इस पर युकांइयों ने कपड़े के टुकड़ों को आग के हवाले किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
युवा कांग्रेस ने टाहलीवाल नगर पंचायत को पंचायत न बनाने के विरोध में बुधवार को धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद सुनियोजित तरीके से पुतला दहन की तैयारी युकां ने की थी, लेकिन मौके पर मुस्तैद एसएचओ मनोज कौंडल ने कार्यकर्ताओं से पुतला छुड़वा लिया। पुतला छुड़ाने के लिए कुछ देर तक छीनाझपटी चलती रही। इस मौके पर युवा कांग्रेस हरोली के अध्यक्ष प्रशांत राय ने कहा कि नगर पंचायत टाहलीवाल को तोड़कर पंचायत बनाने के वायदे को पूरा नहीं किया है। भाजपा नेताओं ने टाहलीवाल नगर पंचायत को तोड़ने का वायदा किया था। कहा कि विकास के मुद्दे पर वह भाजपा नेताओं से सार्वजनिक मंच पर बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले जब नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का पुतला दहन किया गया तो पुलिस मौके से नदारद थी। यूथ कांग्रेस पुलिस के भेदभावपूर्ण रवैये पर शीघ्र ही प्रदर्शन करेगी। इस दौरान नीतीश कुमार, मोनी ठाकुर, विशाल दीप, आदित्य ठाकुर, प्रदीप, मोहन सागर, संजू, करनैल सिंह, सुनील कुमार, अमरजीत मान, गगन शर्मा, हरदयाल सिंह, प्रकाश चंद व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।