ऊना। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्री महोत्सव मंडी के बाद धर्मशाला में आयोजित सरस मेले में भी जिला ऊना के उत्पाद सोमभद्रा ब्रांड के नाम से लोगों पर अपनी छाप छोड़ रहे हैं। जिले के महिला स्वयं सहायता समूहों के बनाए उत्पादों की बिक्री लगातार बढ़ रही है। मेले में सोमभद्रा उत्पादों के चार स्टाल स्थापित किए गए हैं, जिनमें दलिया, सेवियां, पापड़, आचार, चटनी और मुरब्बा आदि और सोमभद्रा के साथ लिस्ट किए गए अन्य उत्पादों को बिक्री के लिए रखा गया है।
उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने कहा कि धर्मशाला सरस मेले में सोमभद्रा उत्पादों के प्रति खरीददारों का उत्साह बना हुआ है। शुरूआती तीन दिन में ही 36 हजार रुपये से अधिक के उत्पादों की बिक्री हुई है। आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और बढ़ेगा क्योंकि रविवार को छुट्टी वाले दिन अधिक लोगों के मेले में आने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी में भी सोमभद्रा के उत्पाद लोगों को पसंद आए थे। उन्होंने कहा कि धर्मशाला सरस मेले में आए वन मंत्री राकेश पठानिया ने भी सोमभद्रा उत्पादों की तारीफ की। वहीं विधायक विशाल नैहरिया भी सोमभद्रा उत्पादों के स्टॉल का जायजा लिया और यहां रखे गए उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई। जिलाधीश राघव शर्मा ने कहा कि जिला ऊना में महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों में एकरूपता लाने के लिए उन्हें सोमभद्रा नाम से मार्केट उतारने की पहल जिला प्रशासन ने की है।