ग्राम पंचायत मैड़ी, नारी और बधमाणा में जनसभाएं आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब(ऊना)। कांग्रेस ने केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा में किए जा रहे संशोधनों के विरोध में पंचायत स्तर पर जनजागरण अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस चिंतपूर्णी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत मैड़ी, नारी और बधमाणा में विशाल सभाएं आयोजित की गईं। मनरेगा बचाओ संग्राम के प्रभारी और पूर्व युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यदुपति ठाकुर ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आत्मा है और केंद्र सरकार इसे कमजोर करने की योजना बना रही है। उन्होंने भाजपा पर महात्मा गांधी के प्रति अनुचित सोच रखने और मनरेगा से उनका नाम हटाने का आरोप लगाया। ठाकुर ने मजदूरों के लिए साल में 125 दिन रोजगार सुनिश्चित करने और खेती-किसानी के सीजन में 60 दिन अतिरिक्त रोजगार देने की मांग भी दोहराई। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रविंद्र शर्मा और वरिष्ठ नेता शादी लाल गोस्वामी ने कहा कि मनरेगा गरीबों के लिए आजीविका की जीवन रेखा है। नेताओं ने संकल्प लिया कि जब तक इसे मूल अधिकार-आधारित स्वरूप में नहीं लाया जाता, अभियान गांव-गांव चलता रहेगा। कार्यक्रम में पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष सुदर्शन ठाकुर, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अमन ठाकुर, महिला नेता निशा शर्मा और अन्य ग्रामीण शामिल हुए।