जय सिया राम व बजरंग बली के उद्घोषों से गूंजा पूरा शहर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। श्री राम लीला कमेटी ऊना ने हर वर्ष की तरह इस बार भी मंगलवार शाम हनुमान जी की विशाल शोभायात्रा व ध्वजारोहण का आयोजन किया। शोभायात्रा सतानत धर्म सराय से प्रारंभ हुई। अध्यक्ष अविनाश कपिला व चेयरमैन प्रिंस राजपूत की अध्यक्षता में कन्या पूजन के बाद कन्या द्वारा रिबन काटकर यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा पुल वाला बाजार, मुख्य बाजार, रोटरी चौक, बस स्टैंड व रेड लाइट चौक से होते हुए रामलीला मैदान में पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठान व भक्ति कार्यक्रम हुए। सिद्धि दात्री मंदिर ऊना की महिला संकीर्तन मंडली ने भजनों से वातावरण राममय किया। महाकाल कपूरथला, गरजोत रासलीला जालंधर, साहिल नीलकंठ जालंधर, मनी आनंद व सोंडी हनुमान ग्रुप होशियारपुर सहित कई कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। एक दर्जन से अधिक झांकियों, बैंड पार्टियों व पटाखेबाजी ने भक्तों को आकर्षित किया। शोभायात्रा में भोलेनाथ, शिव परिवार व काली माता की झांकी भी शामिल रही।