दौलतपुर चौक (ऊना)। गांव नंगल जरियाला के जंगल में शुक्रवार को अचानक आग सुलग उठी। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों और वन विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया
शुक्रवार को नंगल जरियाला गांव के वार्ड तीन के जंगल में अचानक आग की लपटें उठनी शुरू हो गईं। वार्ड तीन के निवासी वासुदेव और तृप्ता देवी ने बताया कि आग पशुशाला के समीप पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्राम पंचायत प्रधान सीमा भारद्वाज, उपप्रधान कैप्टन सुशील जरियाल ने बताया कि अग्निशमन विभाग को बुलाया, लेकिन पर्याप्त रास्ता न होने की वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग वाली जगह पर पहुंच नहीं सकी। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। बता दें कि इससे पहले 11 मई को भी नंगल जरियाला के जंगल में आग लगने से 12 हेक्टेयर क्षेत्र में वन संपदा राख हो गई थी। उधर, वन रक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को आग लगने से दो हेक्टेयर जंगल जल गया है। रिहायशी क्षेत्र को बड़ी मुश्किल से बचाया गया।