ऊना। री-एंप्लॉयड एक्स सर्विसमैन वेलफेयर संघ ने ऊना जिला मुख्यालय के एमसी पार्क में जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में रोष व्यक्त किया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सभी ने हमले की कड़ी निंदा की और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि एक सैनिक होने के नाते हम सरकार से ऐसे उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं, ताकि भविष्य में ऐसी कोई अप्रिय घटनाएं न हों। संघ के महासचिव सेवानिवृत्त उपनिदेशक देवेंद्र चंदेल ने कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों ने धर्म पूछकर सैलानियों की हत्या करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि बेशक उन्होंने अपनी वर्दियां टांग दी हैं लेकिन अगर सरकार को हमारी जरूरत है तो हम आज भी तैयार बैठे हैं। देश की आन, शान और वान के लिए अपनी जान न्योछावर करने के लिए तैयार हैं। इस अवसर पर जेएस परमार, राकेश कुमार, सुखविंद्र सिंह, मनोहर लाल, राज कुमार, अवतार सिंह, रजत शर्मा, मनोज कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।