ऊना: सोहारी में 15 साल बाद भी किसानों के खेतों तक नहीं पहुंचा बरोटा डैम का पानी, करोड़ों की सिंचाई योजना अधूरी
करोड़ों रुपये खर्च कर बनी यह सिंचाई योजना आज भी अधूरी है। बरोटा डैम में पानी के बजाय गाद और पत्थर भरे हैं, जिससे किसानों में जलशक्ति विभाग के प्रति रोष है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत सोहारी में स्थित बरोटा डैम परियोजना 15 साल बाद भी किसानों की प्यास नहीं बुझा पाई है। करोड़ों रुपये खर्च कर बनी यह सिंचाई योजना आज भी अधूरी है। डैम में पानी के बजाय गाद और पत्थर भरे हैं, जिससे किसानों में जलशक्ति विभाग के प्रति रोष है। करीब डेढ़ दशक पहले इस परियोजना का निर्माण सिंचाई सुविधा के लिए किया गया था। शुरुआत में सोहारी के बडूहा और बलदोह गांवों में पाइपलाइन बिछाई गई थी। पानी जमा करने के लिए कुछ डिग्गियों और हौदियों का निर्माण भी हुआ। हालांकि, इन गांवों में भी काम पूरी तरह पूरा नहीं हो पाया। विभागीय सर्वे में राम नगर, सोहारी, शशोली और कुदेड़ गांवों को भी शामिल किया गया था। इन गांवों में न तो पूरी पाइपलाइन बिछी और न ही डिग्गियों का निर्माण हुआ। करोड़ों रुपये की यह परियोजना कागजों में सफल दिख रही है। जमीनी स्तर पर कई गांव आज भी सिंचाई सुविधा से वंचित हैं।
डैम की मौजूदा स्थिति
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात में डैम में पर्याप्त पानी जमा होता है। गाद निकालने के लिए खोले गए गेट आज तक बंद नहीं किए गए। इससे पानी का भंडारण नहीं हो पा रहा है। डैम के नीचे बहने वाली जलधारा में भी पानी के बजाय पत्थर और बजरी दिख रही है। ग्रामीणों ने गेट बंद कर पानी भंडारण की व्यवस्था न होने पर सवाल उठाए हैं।
विभाग का जवाब और ग्रामीणों की मांग
जलशक्ति विभाग अंब के सहायक अभियंता नीरज धीमान ने बताया कि कुछ गांवों को पानी मिला है। अन्य गांवों में पाइपलाइन बिछाने का काम रुकावटों के कारण बंद करना पड़ा। उन्होंने कहा कि बरसात में गाद निकालने के लिए गेट खोले गए थे। ग्रामीणों की ओर से पानी की कोई मांग नहीं आई। मांग आने पर गेट बंद कर पानी का भंडारण किया जाएगा। स्थानीय निवासी सुभाष गर्ग, अंकुश कुमार, हिमांशु, पुरुषोत्तम दास, यशपाल, अनिल, धर्म सिंह और शिव कुमार ने डैम के गेट बंद करने, गाद निकालने और शेष गांवों में पाइपलाइन व डिग्गियों का निर्माण पूरा करने की मांग की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
