{"_id":"5ae1b7494f1c1bc03d8b521c","slug":"61524741961-una-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पति की मौत पर न हो राजनीति, पत्नी ने उपायुक्त ऊना राकेश कुमार प्रजापति को सौंपा ज्ञापन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पति की मौत पर न हो राजनीति, पत्नी ने उपायुक्त ऊना राकेश कुमार प्रजापति को सौंपा ज्ञापन
Updated Thu, 26 Apr 2018 10:11 PM IST
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
ऊना।
हरोली उपमंडल के पालकवाह गांव की महिला परमजीत कौर ने पूर्व उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर उसके पति बुद्ध सिंह की मौत पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए डीसी राकेश कुमार प्रजापति को शिकायत पत्र सौंपा है। बुद्ध सिंह पुलिस विभाग में कार्यरत थे और पांच अप्रैल को उनकी ब्रेन हैम्रेज से मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री उनके पति की मौत पर गलत बयानबाजी कर रहे हैं।
परमजीत कौर ने कहा कि उनके पति की मौत ब्रेन हैम्रेज से हुई है और उन्हें कभी किसी ने प्रताड़ित नहीं किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री का यह कहना कि उनके पति का तबादला होने के बाद वे तनावग्रस्त थे, सरासर झूठ है। उनके पति का कोई तबादला नहीं हुआ था। उन्होंने 25 साल तक पुलिस विभाग में सेवाएं दीं और पिछले 10 साल से वे पुलिस लाइन झलेड़ा में ही तैनात थे। दो अप्रैल को ड्यूटी टाइम पर ही उन्हें ब्रेन स्ट्रोक लगा जबकि इसके बाद इलाज के लिए उन्हें पीजीआई ले जाया गया।
विज्ञापन
जहां पांच अप्रैल को उनकी मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री और उनके लोग मेरे पति की मौत को राजनीतिक रूप से भुनाने की कोशिशों में लगे हैं। सच तो यह है कि वे उनकी मौत के 20 दिन बीत जाने के बाद आज तक कभी अफसोस जताने उनके घर नहीं आए हैं। न ही किसी ने परिवार की मदद को हाथ बढ़ाया है। सिर्फ सोशल और प्रिंट मीडिया में उनके पति की मौत पर झूठी अफवाहें फैलाकर अपने हित साधने में लगे हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि उनके मृतक पति पर राजनीति होने से उन्हें और उनके परिवार को मानसिक आघात लगा है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। डीसी राकेश कुमार प्रजापति ने शिकायतकर्ता महिला को मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।