ऊना। राधा स्वामी सत्संग ब्यास के कई केंद्रों के 11 लोगों समेत जिले में 108 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें रविवार को आरटीपीसीआर लैब में भेजे सैंपल में से 74, सोमवार को रैपिड एंटीजन टेस्ट से 22 और आरटीपीसीआर रिपोर्ट में 12 संक्रमित मिले। हालांकि 70 सैंपलों की रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। कोरोना के बढ़ते कहर से जिले में हड़कंप मचा है। जिले में अब तक 100 या उससे ज्यादा कोरोना के मामले अब तक नहीं आए थे।
जिले के कुछ राधा स्वामी सत्संग ब्यास केंद्रों के 11 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें राधा स्वामी सत्संग ब्यास केंद्र मैहतपुर के आठ, मुुबारिकपुर के दो और चलेट का एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में हुए सैंपल में से 15, गगरेट स्वास्थ्य खंड में 16, हरोली स्वास्थ्य खंड में 11, थानाकलां स्वास्थ्य खंड के 23, अंब स्वास्थ्य खंड में 10 और बसदेहड़ा स्वास्थ्य खंड में 21 कोरोना संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉक्टर रमन कुमार शर्मा ने बताया कि रविवार के पैंडिंग आरटीपीसीआर लैब रिपोर्ट में 74 और सोमवार को रैपिड एंटीजन टेस्ट में 22 और आरटीपीसीआर टेस्ट में 12 कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब जिले में 480 मामले सक्रिय हो गए हैं।