हिमाचल: सेना और सुरक्षा एजेंसियों के लिए बद्दी में तैयार होगा विशेष कपड़ा, छह महीने में शुरू होगा उत्पादन
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में अब सेना, आपदा प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों के लिए उपयोग होने वाला विशेष कपड़ा तैयार किया जाएगा।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में अब सेना, आपदा प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों के लिए उपयोग होने वाला विशेष कपड़ा तैयार किया जाएगा। इसके लिए बद्दी स्थित बिरला टेक्सटाइल उद्योग में अत्याधुनिक रिसर्च सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। कंपनी का लक्ष्य अगले छह माह के भीतर सेंटर को शुरू कर विशेष कपड़ों का उत्पादन और शोध कार्य शुरू करना है। रिसर्च सेंटर में कपड़े और धागे की गुणवत्ता की जांच के साथ नई तकनीक और उत्पाद विकास पर शोध किया जाएगा। यहां ग्राहकों की जरूरत के अनुसार विशेष प्रकार के कपड़े विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा पैराशूट में इस्तेमाल होने वाला कपड़ा भी तैयार करने की योजना है। कंपनी का उद्देश्य ऐसे उत्पाद विकसित करना है, जो सेना, आपदा प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों की आवश्यकताओं को पूरा कर सकें।
रिसर्च सेंटर में तैयार होने वाले विशेष उत्पादों की देश के साथ-साथ विदेशों में भी आपूर्ति करने की योजना है। कंपनी प्रबंधन के अनुसार, हाल ही में दक्षिण कोरिया के एक प्रतिनिधिमंडल ने सेंटर का दौरा किया था। अक्तूबर में ऑस्ट्रेलिया का एक प्रतिनिधिमंडल भी सेंटर का दौरा करेगा। इससे कंपनी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर मिलने की उम्मीद है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में टेक्सटाइल और धागा उद्योग को मंदी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में रिसर्च और उत्पाद विकास के माध्यम से बाजार की बदलती जरूरतों के अनुरूप नए उत्पाद तैयार करना कंपनी की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
जरूरत के अनुसार तैयार होंगे कपड़े
सूत्रों के अनुसार, यह रिसर्च सेंटर भविष्य में अन्य धागा और टेक्सटाइल उद्योगों के लिए भी मॉडल के रूप में काम कर सकता है। किसी उद्योग या कंपनी को कपड़े या धागे की गुणवत्ता, नई तकनीक या उत्पाद विकास से संबंधित शोध की जरूरत होने पर सेंटर की सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इससे क्षेत्र में टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े शोध और नवाचार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बिरला टेक्सटाइल के कार्यकारी अध्यक्ष उपेंद्र पटनायक ने बताया कि रिसर्च सेंटर का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है। अगले छह माह में इसे पूरा कर शुरू करने का लक्ष्य है। सेंटर के संचालन में आने के बाद ग्राहकों की जरूरत के अनुसार कपड़े विकसित किए जाएंगे और उनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे कंपनी में तैयार होने वाले धागे और कपड़े की गुणवत्ता में और सुधार होगा।