पुलिस कर्मचारी तैनात होने के बावजूद नहीं मान रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। डिग्री कॉलेज सोलन के समीप खुंडीधार में जाम की समस्या आम हो गई है। यहां रोजाना इंडेन गैस सिलिंडर लेने आने वाले लोग अपने वाहन सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। हालांकि मौके पर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है और वे वाहन चालकों को सड़क पर पार्किंग न करने के लिए भी कहते हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग अपनी पहुंच का हवाला देकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जहां से सिलिंडर वितरण किया जाता है, वहीं पास में पार्किंग की व्यवस्था भी है। इसके बावजूद कई लोग पार्किंग का उपयोग नहीं कर रहे और सड़क किनारे वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सिलिंडर लेने के लिए लोगों की कतारें भी सड़क तक पहुंच रही हैं, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो रही है। पुलिस कर्मचारियों की ओर से बार-बार चेतावनी देने के बावजूद लोग मनमर्जी से वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।