नालागढ़ में पूर्व सैनिक लीग ने मनाया कोर ऑफ सिग्नल्स रेजिमेंट का 116वां स्थापना दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। भारतीय सेना की कोर ऑफ सिग्नल्स रेजिमेंट का 116वां स्थापना दिवस नालागढ़ में पूर्व सैनिक सामुदायिक भवन में मनाया गया। समारोह में देश सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। मुख्यातिथि और पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष शिवलाल ने अपने संबोधन में रेजिमेंट के गौरवशाली इतिहास, युद्ध क्षेत्र में प्रदर्शित साहस, अनुशासन और बलिदान की परंपरा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिक लीग के प्रयासों से नालागढ़ में पूर्व सैनिकों के लिए ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक की सुविधा उपलब्ध कराई गई है और अगले माह तक कैंटीन की सुविधा भी शुरू होने की संभावना है। समारोह में लीग के उपाध्यक्ष कैप्टन कमल कुमार, कैप्टन सुरेश कौर, कैप्टन मदन लाल, सचिव कैप्टन शमशेर चौहान, रूप लाल, कैप्टन डीआर चंदेल, हेतराम ठाकुर समेत कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।