संडोली में मोटे अनाज से बनाया पौष्टिक और स्वादिष्ट खाना
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी। संडोली गांव में महिलाओं के लिए पोषक आहार रेसिपी प्रदर्शनी एवं पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम आईआरजी संस्था ने नेस्ले के सहयोग से आयोजित किया। इसका उद्देश्य महिलाओं को स्वस्थ, पौष्टिक, किफायती और पारंपरिक भोजन अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में महिलाओं के साथ मिलकर पुराने और पारंपरिक अनाज से बनी रेसिपियां जैसे कट्टू का हलवा, राजगीरा की खिचड़ी, रागी का चीला और खीर तैयार की गईं। इसके माध्यम से महिलाओं को पुराने अनाजों के पोषण मूल्य और स्वास्थ्य लाभ के बारे में जानकारी दी गई। प्रत्युषा परियोजना की प्रोग्राम मैनेजर भावना सल्होत्रा ने महिलाओं को पोषण, संतुलित आहार और दैनिक खानपान में पुराने अनाज शामिल करने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को पोषण एवं स्वस्थ खानपान संबंधी फ्लिप बुक भी वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन पिंकी वर्मा और सुषमा शर्मा ने किया। महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और इन पोषक रेसिपियों को अपने दैनिक आहार में शामिल करने की इच्छा जताई। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ खानपान अपनाने, पारंपरिक आहार को बढ़ावा देने और परिवार के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी समझने के संदेश के साथ हुआ।