{"_id":"57347cab4f1c1bb003919862","slug":"computer-hang-in-employment-exchange","type":"story","status":"publish","title_hn":"कंप्यूटर खराब, रोजगार दफ्तर में दर्ज नहीं होंगे नाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कंप्यूटर खराब, रोजगार दफ्तर में दर्ज नहीं होंगे नाम
ब्यूरो/अमर उजाला, कसौली सोलन
Updated Fri, 13 May 2016 09:09 AM IST
विज्ञापन
कंप्यूटर (आईटी) का जमाना है। एक क्लिक में दुनियाभर की जानकारी हासिल होने के साथ कार्यालयों के काम भी फटाफट हो जाते हैं
- फोटो : अमर उजाला
कंप्यूटर (आईटी) का जमाना है। एक क्लिक में दुनियाभर की जानकारी हासिल होने के साथ कार्यालयों के काम भी फटाफट हो जाते हैं। यही नहीं कंप्यूटर के हार्डवेयर या साफ्टवेयर में भी यदि कोई दिक्कत आती है तो आईटी के दौर में इसका समाधान चुटकियों में होता है। लेकिन सरकारी तंत्र में ऐसा कहां।
विज्ञापन
पर्यटन नगरी कसौली के उपरोजगार कार्यालय में एक कंप्यूटर की खराबी तीन दिन तक ठीक नहीं हो सकी है। आलम यह है कि युवाओं के नौकरी के लिए नाम पंजीकरण होने की व्यवस्था ही इस कंप्यूटर के चलते ठप पड़ी है। विभाग की नाकामी ही कहिये या कार्यालय के स्टाफ की। सोमवार को विशेष रूप से सोलन कंप्यूटर भेजा है। लेकिन कंप्यूटर अभी तक दुरुस्त नहीं हो सका है।
विज्ञापन
उप रोजगार कार्यालय में कसौली और दून निर्वाचन क्षेत्रों की 38 पंचायतों के लोग नाम दर्ज करवाने आ रहे हैं लेकिन उन्हें बैरंग ही लौटना पड़ रहा है। तर्क दिया जा रहा है कि क्या करें कंप्यूटर ही खराब है ? ऐसे में सरकारी इंतजामों की बदहाली की पोल खुल रही है। जहां एक कंप्यूटर को ठीक करवाने के लिए कई दिन बीत रहे हैं।
विज्ञापन
यह सब रहे परेशान
रोजगार कार्यालय पहुंचे दाड़वा के योगिंद्र और नितेश कुमार, बरोटीवाला निवासी राहुल ने बताया कि उनका नाम दर्ज नहीं हो रहा है। कंप्यूटर खराब होने से पिछले तीन दिन से नाम दर्ज होने की राह देख रहे हैं। लेकिन उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है।
परवाणू से आई ज्योति और हेमा, चंडी निवासी हरिचंद, सुबाथू के भाली गांव निवासी जसविंद्र सिंह, कैंडोल निवासी गुरचरण सिंह तथा हरिपुर से आई तृप्ता देवी ने कहा कि वे उप रोजगार कार्यालय में अपने नाम दर्ज और रिन्यू करवाने आए हैं लेकिन कंप्यूटर खराब होने से काम नहीं हो रहा। उनका कहना था कि इतनी दूर से आने के बावजूद उन्हें निराशा हाथ लगी है। समय और धन की बर्बादी उन्हें झेलनी पड़ रही है।
व्यवस्था रहती है बेहाल
लोगों का आरोप है कि उपरोजगार कार्यालय कसौली में अव्यवस्था का आलम है। अधिकांश बार कंप्यूटर खराब रहता है। ऐसे में दूर दराज से आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उपरोजगार कार्यालय पर 36 पंचायतों के लोग निर्भर हैं।
ठीक कराने छोड़ा है कंप्यूटर
उपरोजगार कार्यालय कसौली के इंचार्ज केके शर्मा ने कहा कि कंप्यूटर खराब है। इसे सोलन भेजा गया है। सोमवार इसे ठीक करने के लिए छोड़ा है। अभी तक ठीक होकर नहीं आया है।
श्रम एवं रोजगार विभाग के कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष और कसौली कार्यालय में कार्यरत क्लर्क नरेश ठाकुर ने कहा कि सोलन कार्यालय के अधीक्षक से मांग की थी कि कसौली में ही कंप्यूटर ठीक करवाया जाए लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वहीं जिला रोजगार अधिकारी निर्मला शर्मा का कहना था कि जल्द कंप्यूटर भेज दिया जाएगा।