सोलन। पंचायतीराज चुनाव की सभी सीटों के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र होंगे। जिला परिषद सदस्य के लिए मतपत्र का रंग हल्का नीला, पंचायत समिति सदस्य के लिए गुलाबी, ग्राम पंचायत प्रधान के लिए हल्का हरा, उप प्रधान के लिए पीला तथा ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद मतपत्र रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन केसी चमन ने सोलन जिला के सभी मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे पंचायतीराज संस्थाओं के लिए अपने निर्वाचन में बिना किसी भय और पक्षपात के मतदान करें।
एक मतदान केंद्र में मतदान के लिए दो मतपेटियां रखी जाएंगी। एक मतपेटी में मतदाता प्रधान, उप प्रधान तथा सदस्य के लिए मतपत्र डालेंगे। दूसरी मतपेटी में जिला परिषद सदस्य तथा खंड विकास समिति सदस्य के लिए मतपत्र डालेंगे। ग्राम पंचायत प्रधान, उप प्रधान तथा सदस्य के लिए मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतदान के तुरंत बाद शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। जिला परिषद सदस्य और खंड विकास समिति सदस्य के लिए मतगणना 22 जनवरी को सुबह 8:30 बजे खंड मुख्यालय पर होगी।