सोलन। सब्जी मंडी सोलन में फ्रासबीन और टमाटर के दाम अच्छे मिलने से किसान खुश हैं। शुक्रवार को सोलन सब्जी मंडी में फ्रासबीन 52 रुपये प्रतिकिलो और टमाटर की क्रेट 600 से लेकर 850 रुपये में बिकी। इन दिनों स्थानीय फ्रासबीन और टमाटर मंडियों में पहुंचने लगा है। सोलन के गंभरपुल, अश्वनी खड्ड, बसाल, देवठी समेत राजगढ़ के कई क्षेत्रों से फ्रासबीन और टमाटर मंडी में पहुंच रहा है। यहां पर रोजाना आठ से 10 क्विंटल फ्रासबीन की खेप आ रही है। साथ ही टमाटर की भी 50 से ज्यादा क्रेट पहुंचने लगी हैं। 15 जून तक रोजाना 100 से 150 क्रेट मंडी पहुंचने की उम्मीद है।
बीते वर्ष इन दिनों टमाटर और फ्रासबीन के दाम काफी कम थे। टमाटर चार से पांच रुपये प्रतिकिलो जबकि फ्रासबीन 20 रुपये तक बिकी थी।
उधर, मंडी समिति सोलन के सचिव रविंद्र शर्मा ने बताया कि सीजन की शुरुआत में फ्रासबीन और टमाटर मंडी में पहुंचने लगा है। किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस माह के अंत तक इनकी खेप काफी ज्यादा पहुंचने लगेगी।