गीता आदर्श विद्यालय में कार्यशाला, 58 शिक्षकों ने सीखे तनाव प्रबंधन के गुर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सीबीएसई प्रशिक्षण केंद्र पंचकूला के तत्वावधान में सोलन के गीता आदर्श विद्यालय में एक दिवसीय कपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय स्ट्रेस मैनेजमेंट (तनाव प्रबंधन) रहा, जिसमें सोलन और आसपास के विभिन्न स्कूलों के 58 शिक्षकों ने शिरकत की। सेंट्रल स्कूल तिब्तन (शिमला) की रिसोर्स पर्सन कोमल उप्पल और अकाल अकादमी डाकरा साहिब (पंचकूला) की हिना ने कार्यशाला में शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक तभी विद्यार्थियों की क्षमता का सही आकलन कर सकता है, जब वह स्वयं तनाव मुक्त हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक पहलुओं को समझना अनिवार्य है, ताकि कक्षा में सकारात्मक माहौल बनाया जा सके। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. स्नेह शर्मा और सह-प्रधानाचार्या पंपोश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि इस तरह की कार्यशालाओं का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के कौशल को निखारना है ताकि वे आधुनिक दौर में बच्चों की मनोवैज्ञानिक समस्याओं का बेहतर ढंग से समाधान कर सकें।