Solan: वाकनाघाट में मिले शव के मामले में खुलासा, यूपी के दो आरोपी गिरफ्तार; गला घोंट झाड़ियों में फेंकी थी लाश
Himachal Murder Case: जिला सोलन में बुधवार को एनएच किनारे झाड़ियों में मिले शव के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इसमें एक आरोपी का व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद उसने साथी के साथ मिलकर हिमाचल निवासी की हत्या कर दी और शव झाड़ियों में फेंक दिया।
विस्तार
वाकनाघाट के समीप बीते बुधवार को एनएच किनारे झाड़ियों में मिले शव के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। व्यक्ति की हत्या कर आरोपियों ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इसमें एक आरोपी का व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उसके बाद उसने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को शिमला जाते समय झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों व आरोपियों से संबंधित सबूतों का गहनता से विश्लेषण किया। तीन अक्तूबर को मामले में संलिप्त दो आरोपियों ट्रक चालक नीरज कुमार पुत्र माधार निवासी गांव दलेल नगर डाकखाना मुरादगंज तहसील अजीत मॉल जिला ओहरिया उत्तर प्रदेश और पिकअप चालक आरोपी लाखन सिंह पुत्र राम नरेश निवासी गांव लालाई डाकखाना खेरगढ़ तहसील शुकाबाद जिला फिरोजाबाद को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। पूछताछ मे पता चला कि 23 सितंबर को प्रेम नारायण ट्रक चालक नीरज के साथ फिरोजाबाद से कंपनी का सामान लेकर चले थे। इनके साथ पिकअप चालक लाखन सिंह ने भी फिरोजाबाद से सामान लोड करके चंडीगढ़ आया। 24 सितंबर को पिकअप चालक ने सामान डिलीवर किया और वह ट्रक चालक के पीछे-पीछे सोलन पहुंचा।
सोलन पहुंचकर ट्रक चालक ने प्रेम नायारण के साथ सामान की डिलीवरी की और शिमला में सामान डिलीवर करने निकले। रास्ते में उन्होंने शराब खरीदी और कंडाघाट से आगे एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुके। यहां नीरज व प्रेम नारायण का किसी बात को लेकर झगड़ा व मारपीट हो गई। इस पर नीरज ने तिरपाल को बांधने वाली रस्सी से प्रेम का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। ट्रक व पिकअप चालक ने शव को वाकनाघाट में झाड़ियों में फेंक दिया। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।