नौ साल में दो करोड़ खर्चे, हलक फिर भी सूखे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिलाई (सिरमौर)। आईपीएच विभाग की लेटलतीफी ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। हैरान करने वाला पहलु है कि बजट होने के बावजूद लोगों को सरकारी योजनाओं का फायदा नहीं मिल रहा। शिलाई उपमंडल के अंतर्गत तीन ग्राम पंचायतों के लिए बन रही संयुक्त पेयजल योजना नौ साल में भी बनकर तैयार नहीं हो पाई है। योजना को तैयार करने के लिए दो करोड़ रुपये खर्च भी किए गए हैं लेकिन गांवों तक अभी भी पानी नहीं पहुंच पाया। इस वजह से तीनों पंचायतों के करीब 35 गांव पेयजल के लिए दर-दर भटकने को विवश हैं। 35 गांवों की 10 हजार से अधिक आबादी पानी के घोर संकट से जूझ रही है लेकिन विभाग आंखें मूंद कर बैठा है।
बांदली, कांड़ो भटनोल और शिरी क्यारी पंचायत के 35 गांवों की जनता को पेयजल सुविधा प्रदान करने के लिए चिचैड़ खड्ड से गिरनौल उठाऊ पेयजल योजना का शिलान्यास 2 अक्तूबर 2007 को प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया था। इस योजना के लिए ढाई करोड़ रुपये मंजूर हुए जिसका कार्य आईपीएच ने कर दिया है लेकिन अभी तक ग्रामीणों को पानी नहीं मिल रहा। गांव में इन दिनों पानी का घोर संकट छाया हुआ है। ग्रामीण पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं।
आईपीएच के अधिकारियों का कहना है कि बिजली का कनेक्शन नहीं लगने की वजह से योजना को शुरू नहीं किया जा सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि उक्त पेयजल योजना से पानी लिफ्ट होना शुरू हो जाए तो लोगों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उक्त ग्राम पंचायतों के ग्रामीण इंद्र ठाकुर, श्याम सिंह, जवाहर सिंह, पंचराम, देवेंद्र सिंह, कपिल चौहान, भवान सिंह, कल्याण सिंह चौहान ने बताया कि दो करोड़ से अधिक राशि खर्च करने के पश्चात भी योजना का फायदा नहीं मिल रहा है। पेयजल स्टोर टैंक तो बना दिए लेकिन इन टैंकों के लिए पाइपे अभी तक नहीं बिछाई गई हैं। मात्र औपचारिकता के लिए कहीं-कहीं पाइपें बिछा दी गई हैं। पंप हाउस में प्रयुक्त होने वाली बिजली मोटरें इधर-उधर पड़ी रहने से जंग खा रही हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी--
1. आईपीएच के सहायक अभियंता नितिन चौहान ने बताया कि योजना का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। अब बिजली कनेक्शन लगने का इंतजार है। इसके बाद योजना से पानी बहाल कर दिया जाएगा।
2. बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता शमशेर सिंह ठाकुर ने बताया कि पंप हाउस तक बिजली लाइन पहुंचाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। फेज-दो का कार्य प्रगति पर है। जल्द ही पंप हाउस का बिजली कनेक्शन बहाल कर दिया जाएगा।