राजनीति: सांसद सुरेश कश्यप ने राफेल खरीद मामले पर जगत नेगी के बयान को सेना के मनोबल पर आघात बताया
सुरेश कश्यप ने कहा कि राफेल विमान की खरीद में घोटाले की आशंका को सुप्रीम कोर्ट पहले ही खारिज कर चुका है। इसके बावजूद ऐसे बयान देना उचित नहीं है।
विस्तार
सांसद सुरेश कश्यप ने कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी के विधानसभा में दिए बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और भारतीय सेना के मनोबल को ठेस पहुंचाने वाला करार दिया। नाहन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी बात रखी। सुरेश कश्यप ने कहा कि राफेल विमान की खरीद में घोटाले की आशंका को सुप्रीम कोर्ट पहले ही खारिज कर चुका है। इसके बावजूद ऐसे बयान देना उचित नहीं है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य की सराहना की। सेना ने पाकिस्तानी सेना को करारा जवाब दिया था, जिस पर पूरे देश को गर्व है। ऐसे समय में हिमाचल प्रदेश सरकार के एक कैबिनेट मंत्री द्वारा सेना पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसी बयानबाजी से सैनिकों का मनोबल प्रभावित होता है। इसकी कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए। भारतीय सेना ने 1965 और 1971 के युद्धों से लेकर कारगिल युद्ध तक वीरता दिखाई है। ऑपरेशन सिंदूर में भी सेना ने अपना पराक्रम साबित किया।
सेना के शौर्य पर सवाल अस्वीकार्य: कश्यप
कश्यप ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने जिस मनोबल और सैन्य क्षमता का प्रदर्शन किया, उसका परिणाम पूरी दुनिया ने देखा। ऐसे में सेना के शौर्य पर सवाल उठाने वाले बयान किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने जगत सिंह नेगी से अपने बयान पर देश और भारतीय सेना से माफी मांगने की मांग की। कश्यप ने कहा कि देश के किसी भी व्यक्ति को सेना की प्रतिष्ठा, शौर्य और बलिदान पर अनर्गल टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
सेना के सम्मान से कोई समझौता नहीं: कश्यप
सांसद सुरेश कश्यप ने जोर देकर कहा कि सेना के सम्मान और मनोबल के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सेना ने हमेशा दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया है। सेना के अदम्य साहस और बलिदान के कारण ही आज देश का सिर गर्व से ऊंचा है। उन्होंने कहा कि सैनिकों का मनोबल बनाए रखना राष्ट्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
