नाहन। शिक्षा खंड कुपवी के तहत राजकीय उच्च पाठशाला बाग में आयोजित तीन दिवसीय खंड स्तरीय प्रतियोगिता का समापन हो गया। कार्यक्रम के समापन पर रेणुका कांग्रेस के महल जोन अध्यक्ष अनिल शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि कबड्डी खिलाड़ी अभिनंदन चंदेल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस स्पर्धा में 22 स्कूलों के करीब 250 प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लिया। यहां खेले गए वॉलीबाल के अंतिम मुकाबले में बाग स्कूल ने गौंठ को पराजित कर वॉलीबाल और टिक्कर स्कूल ने मशोत स्कूल की टीम को हराकर कबड्डी के खिताब पर कब्जा किया। इस दौरान स्कूली छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए।
बतौर मुख्यातिथि पहुंचे अनिल शर्मा ने मेधावी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए प्रबंधकों को बधाई दी। इस मौके पर स्कूल के प्रभारी ओमप्रकाश कन्याल, जगत शर्मा, सुरजीत, सुनीता रानी, दिलाराम और सुनील कुमार आदि मौजूद थे।