रिकांगपिओ (किन्नौर)। युवा मंडल विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। यदि युवा मंडल ठान लें तो देश की दशा और दिशा में बदलाव ला सकता है। यह बात नेहरू युवा केंद्र किन्नौर के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार गौतम ने कही।
उन्होंने युवाओं को सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ उन्हें गांव- गांव ले जाकर लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरण किए। इससे पहले जिला युवा अधिकारी अतुल शर्मा ने युवा संसद कार्यक्रम करवाया, जिसमें प्रतिभागी युवाओं ने बढ़ चढ़कर ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा और बहस की।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल जागरूक युवा का निर्माण होता है, बल्कि उन्हें विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी भी मिलती है। उत्कृष्ट वक्ताओं के तौर पर कुशल, हरिओम और आर्यन को मुख्यातिथि ने सम्मानित किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के 40 प्रतिभागियों को नवाजा गया। इस मौके पर लेखा और कार्यक्रम पर्यवेक्षक केवल गीर, प्रवेता, रवीना, ललित, दर्शन और हेमलता सहित कई अन्य मौजूद रहे।