. महिलाओं को सशक्तीकरण को लेकर भी तैयार की रूपरेखा
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में गर्भवती महिलाओं को उचित पोषाहार, टीकाकरण और शिशु स्वास्थ्य को लेकर जागरूक किया। महिलाओं को सशक्तीकरण को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई और रूपरेखा तैयार की गई। मंगलवार को उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने संपूर्णता अभियान पूह खंड के बारे में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि नीति आयोग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण गर्भवती महिलाओं को उचित पोषाहार, टीकाकरण और शिशु स्वास्थ्य के बारे जानकारी उपलब्ध करवाना है। इसके अलावा महिला सशक्तीकरण के तहत महिला शौचालयों का निर्माण, संस्थागत प्रसव की सुविधा और महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाना है, ताकि उनके प्रति व्यक्ति आय में इजाफा हो सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिल सके। डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन का महत्व और क्षमता निर्माण से ग्रामीण महिलाओं को पशु टीकाकरण, मृदा परीक्षण और स्वयं सहायता समूहों की ओर से स्थानीय उत्पादों के विपणन पर जानकारी प्रदान की जाएगी, ताकि घर द्वार पर कौशल निर्माण से स्थानीय उत्पादों का वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में मूल्य संवर्धन संभव हो सके। उन्होंने बताया कि संपूर्णता अभियान का उद्देश्य ग्रामीण लोगों को विशेषकर महिलाओं को सतत कृषि-बागवानी तकनीकों में दक्ष बनाना है, ताकि छोटे और सीमांत किसानों को वर्तमान प्रदेश सरकार के स्वर्णिम 3 वर्ष के कार्यकाल में लाभ मिल सके। जिला विकास अधिकारी प्यारे लाल नेगी ने बैठक का संचालन किया और इस अभियान के तहत विभिन्न घटकों की जानकारी दी। बैठक में पूह के एडीएम रविंद्र सिंह ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह नेगी, जिला भू संरक्षण अधिकारी डॉ. राजेश धीमान और आत्मा परियोजना के निदेशक रमेश लाल उपस्थित रहे।