भावानगर (किन्नौर)। जिला किन्नौर की रूपी वैली को जोड़ने वाले चौरा-रूपी संपर्क मार्ग पर पहाड़ी दरकने से वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई है। सोमवार रात को टिंकचो नाले में ऊपरी पहाड़ी से भारी भूस्खलन होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही थम गई है। हालांकि मार्ग को बहाल करने में विभाग की मशीन जुटी हुई है लेकिन बार-बार हो रहे भूस्खलन से इसे खोलने में परेशानियां आ रही हैं।
स्थानीय निवासी राजकुमार, बीरबल नेगी, रघुदास, मनोज कुमार और हैप्पी नेगी ने बताया कि मार्ग बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एसडीओ लोक निर्माण विभाग भावानगर ज्ञान ठाकुर ने बताया कि बाधित मार्ग को बहाल करने के लिए दो मशीनें लगाई गई हैं लेकिन बार-बार पत्थर गिरने से मार्ग को बहाल करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। जल्द मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।