बैठक में कार्यकर्ताओं ने शीर्ष नेतृत्व को चेताया
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर में सोमवार को भाजपा ग्राम केंद्र नित्थर और देहरा की बैठक हुई। बैठक में नित्थर को भाजपा मंडल दलाश में जोड़ने का मुद्दा उठा। नित्थर के भाजपा नेताओं प्रदीप रंगून, प्रमोद शर्मा और ठाकुर वीर सिंह का कहना है कि आनी मंडल को तीान भागों में बांटा गया है। इसमें आनी, दलाश और निरमंड का गठन किया है, जबकि दलाश के बजाय नित्थर उपतहसील का मंडल बनना उचित था, जिसका विरोध हम सभी कार्यकर्ता करते हैं। मंडलों का गठन सही तरीके से नहीं किया गया है। आनी मंडल का गठन किया तो गया, लेकिन आनी-1 और आनी-2 बूथ को दलाश मंडल में रखा गया। इसके साथ साथ दलाश की दूरी आनी मंडल से मात्र 10 किलोमीटर दूर है। भौगोलिक स्थिति के अनुसार, दलाश के बजाय नित्थर मंडल का बनना आवश्यक था। बैठक में संगठन के शीर्ष नेतृत्व से आग्रह किया कि नित्थर मंडल का गठन किया जाए। इसके अलावा यदि 4 मंडल का गठन जिला परिषद के वार्ड के हिसाब से होता है, तो वह अति उत्तम निर्णय माना जाएगा। बैठक में समस्त भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आवाज बुलंद करते हुए कहा कि जल्द से जल्द सही निर्णय लिया जाए अन्यथा सभी नित्थर के कार्यकर्ता सामूहिक इस्तीफा देंगे।