विधायक नंद लाल ने पौधरोपण कर वन महोत्सव का किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। वन मंडल रामपुर ने वीरवार को जैव विविधता पार्क तलाई में 76वां वन महोत्सव मनाया। महोत्सव में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। विधायक नंद लाल और उपस्थित लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा की। मुख्य अतिथि ने सभी से अधिक से अधिक पौधरोपण करने, पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण का संरक्षण करने का आह्वान किया। महिला मंडल नेरी, महिला मंडल नानन, महिला मंडल देउ कुर्गू, महिला मंडल सुराड़ और स्वयं सहायता समूह ब्राण्टाकाली नवाड़ू ने महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लिया। वन महोत्सव के दौरान रामपुर वन मंडल में राजीव गांधी वन संवर्धन योजना का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संवाद किया। इस योजना के अंतर्गत स्थानीय समुदाय को पौधरोपण और देखभाल के कार्यों में शामिल किया जाएगा, जिससे उनके आर्थिक विकास में वृद्धि होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इस दौरान सीएफ रामपुर चंदू लाल, डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह और अनिरुद्ध सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।