रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश फॉरेस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव दिनेश कुमार की अध्यक्षता में वन वृत्त रामपुर की नई कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। चुनाव के दौरान सर्वसम्मति से ललित भारती को अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई। वहीं वरिष्ठ उपप्रधान नरेंद्र ठाकुर, महासचिव जिवेंदर कुमार, उपप्रधान सुनील वर्मा, विकल घेदता, कोषाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, सह सचिव विनोद ठाकुर, प्रेस सचिव विनोज नेगी और मुख्य सलाहकार दिनेश कुमार को चुना गया।
वन वृत्त रामपुर की नवनियुक्त कार्यकारिणी के अध्यक्ष ललित भारती ने कहा कि वर्तमान में वन खंड अधिकारी की सीधी भर्ती का संगठन विरोध करता है और इसे किसी भी सूरत में लागू नहीं होने दिया जाएगा। राज्य कार्यकारिणी के साथ मिल कर इस मुद्दे को सरकार के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि वन रक्षकों के साथ होने वाले अन्याय को रोका जा सका। भारती ने कहा कि वन रक्षकों को सरकार द्वारा हथियार खरीदने के लिए मात्र 15000 रुपये की अनुदान राशि दी जा रही है, जो नाकाफी है। हथियार बहुत महंगे हैं और हर वन रक्षक इतना सक्षम नहीं है कि इन्हें खरीद पाए। उन्होंने सरकार से मांग उठाई है कि वन रक्षकों को हथियार की खरीद के लिए दी जा रही अनुदान राशि में बढ़ोतरी की जाए। साथ ही एसोसिएशन ने सरकार से कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया है। भारती ने कहा कि एसोसिएशन की मांगों और मुद्दों को राज्य कार्यकारिणी और सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।