समापन पर एचपीयू के कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने ऑनलाइन बताया शिविर का महत्व
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू (नेरवा)। महाविद्यालय नेरवा में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बहुविषयी सम्मेलन बुधवार को संपन्न हो गया। सम्मेलन में प्रदेश के सात राजकीय महाविद्यालय नेरवा, चौपाल निरमंड, संगड़ाह, जयसिंहपुर, कंडाघाट और ढलियारा ने संयुक्त रूप में सहभागिता की। वैलेडिक्टरी समारोह सम्मेलन के प्रमुख प्रवक्ता प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने शिमला से ऑनलाइन उच्च शिक्षा में शोध, एआई. और डेटा साइंस की बढ़ती उपयोगिता, डिजिटल युग की चुनौतियां, भारतीय ज्ञान प्रणाली की वैश्विक महत्ता और नवाचार आधारित शिक्षा के भविष्य पर विचार रखे। सम्मेलन का शुभारंभ 16 नवंबर को हुआ था। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में दूरसंचार विभाग के पूर्व सलाहकार लाभ सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय हरियाणा के रजिस्ट्रार डॉ. राकेश बढ़वा उपस्थित रहे। 17 और 18 नवंबर को राजकीय महाविद्यालय नेरवा ने मुख्य सत्रों की मेजबानी की। सम्मेलन के दौरान अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय विशेषज्ञों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल एथिक्स, माइक्रो-नैपिंग एवं क्रिएटिविटी, जलवायु लचीलापन और ग्रीन उद्यमिता, वेलनेस तकनीक, न्यूरोसाइंस, भारतीय ज्ञान परंपरा और वैश्विक ज्ञान-विमर्श जैसे विषयों पर विचार प्रस्तुत किए। सम्मेलन से पहले एक सप्ताह तक ऑनलाइन कार्यशालाएं लगीं। इनमें एआई रिसर्च टूल्स, डिजिटल गवर्नेंस, वेलनेस एवं लॉन्गिविटी साइंस, उद्यमिता एवं एमएसएमई जागरूकता जैसे विषय शामिल रहे।