{"_id":"6ac3961b7fc9ed5ba707ea45","slug":"inspected-the-road-from-gahan-nala-to-the-gahan-harijan-basti-rampur-hp-news-c-178-1-ssml1032-171574-2026-10-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rampur Bushahar News: गाहन नाला से हरिजन बस्ती गाहन सड़क का किया निरीक्षण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rampur Bushahar News: गाहन नाला से हरिजन बस्ती गाहन सड़क का किया निरीक्षण
विज्ञापन
गाहन नाला से हरिजन बस्ती गाहन सड़क के सर्वे के लिए पहुंचे पंचायत प्रतिनिधि और अधिकारी। संवाद
विज्ञापन
ग्रामीणों ने सड़क के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने पर जताई खुशी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। विकास खंड नारकंडा की जंजैली पंचायत के आहार क्षेत्र में गाहन नाला से हरिजन बस्ती गाहन तक सड़क के निर्माण की योजना जल्द सिरे चढ़ेगी। प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर सोमवार को लोक निर्माण विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में सड़क निर्माण से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं पर चर्चा की गई। लोक निर्माण विभाग बड़ागांव के कनिष्ठ अभियंता सूरज शर्मा ने विभागीय कर्मचारियों के साथ प्रस्तावित सड़क का सर्वे किया। सर्वे के दौरान सड़क की लंबाई करीब 1100 मीटर आंकी गई। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए आवश्यक सुझाव भी विभाग के समक्ष रखे। ग्रामीणों ने बताया कि गाहन गांव और आसपास की बस्तियों के लिए सड़क सुविधा लंबे समय से महत्वपूर्ण मांग रही है। सड़क बनने से लोगों को आवागमन के साथ-साथ स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और ग्रामीणों की जरूरतों को देखते हुए सड़क निर्माण की प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। संबंधित विभाग और सरकार के समक्ष भी इस मांग को प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। सड़क का सर्वे होने से ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सर्वे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क निर्माण का कार्य जल्द शुरू होगा जिससे लंबे समय से चली आ रही उनकी समस्या का समाधान हो सकेगा। इस मौके पर बीडीसी उपाध्यक्ष पिंकी ठाकुर, ग्राम पंचायत जंजैली के प्रधान कैलाश चौहान, उपप्रधान शिवराम बाली सहित पंचायत के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।