कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। नारकंडा के समीप कैंची मोड़ पर सोमवार सुबह एक ट्रक अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में चालक की मौत हो गई है और एक अन्य घायल हुआ है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब आठ बजे नारकंडा से दो किलोमीटर पीछे कैंची मोड़ पर एक ट्रक नंबर यूपी 14 एचटी1998 अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के समय ट्रक में दो लोग सवार थे, जिनकी पहचान चालक, राजेश कुमार (31), पुत्र मुलख राज, गांव जुनराली, राजौरी जम्मू कश्मीर और संजय सिंह (18), पुत्र कर्ण सिंह, गांव गाढ़ी, डाकघर अनास, जिला रिहासी के तौर पर हुई है। ट्रक नारकंडा से रामपुर की ओर जा रहा था और इसमें गत्ता पेटियां लोड थीं। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही नारकंडा पुलिस घटनास्थल पहुंची। घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद सड़क तक पहुंचाया और तुरंत कुमारसैन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चालक राजेश कुमार को मृत घोषित किया और अन्य घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने कहा कि दुर्घटना में ट्रक चालक की मौत हो गई है। जबकि दूसरे घायल व्यक्ति का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जिसकी स्थिति सामान्य है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।