रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की दरकाली पंचायत में देवता साहिब लक्ष्मी नारायण का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। धार्मिक अनुष्ठान में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे और देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं आयोजन कमेटी द्वारा इस दौरान वॉलीबाल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की दस टीमों ने भाग लिया। शानदार प्रदर्शन करते हुए रोहडू की टीम ने प्रथम स्थान पर बाजी मारी और विजेता टीम को नकद ईनाम और ट्राफी भेंट कर सम्मानित किया गया।
दरकाली में 15 जुलाई को हर वर्ष देवता लक्ष्मीनारायण का जन्मदिन मनाया जाता है। इस दिन ग्रामीण अपने-अपने घर में देवता की आराधना करते हैं, वहीं देवता के मंदिर में भी खूब रौनक रहती है। इसके अगले दिन यहां पर दकनौल मेले का भी आयोजन किया जाता है। वर्ष 2008 में देवता का मंदिर जलकर स्वाह हो गया था, जिसके बाद एक वर्ष के रिकॉर्ड समय में ग्रामीणों ने फिर से अपने ईष्टदेव का मंदिर तैयार किया और वर्ष 2009 में देवता अपने मुख्य जगह रोहडू स्थित देवीधार से पूरी तरह से बनकर वापस अपने दरकाली क्षेत्र में लौटे। अपने देवता को फिर से पहले जैसा देखकर ग्रामीण खासे उत्साहित हुए। जिसके बाद ग्रामीणों ने यह ऐलान किया कि इस दिन को हर वर्ष देवता के जन्मदिन के तौर पर मनाया जाएगा। इसके बाद यह चलन शुरू हुआ और हर वर्ष दकनौल के ठीक एक दिन पहले देवता साहिब लक्ष्मीनारायण का जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। दिन भर मेले में नाटियों का खूब दौर चला। इस मौके पर मंदिर कमेटी के सदस्य प्रधान गंगा सिंह पाकला, उप प्रधान विशेषर लाल, सचिव जय सिंह पाकला, कोषाध्यक्ष दर्शन दास, भंडारी चुनीलाल मौजूद रहे।