{"_id":"6a312b58ffaa8798c902e5eb","slug":"assistant-engineer-at-the-public-works-department-dalash-posts-of-junior-engineer-and-senior-assistant-vacant-rampur-hp-news-c-178-1-ssml1032-162561-2026-06-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rampur Bushahar News: लोक निर्माण विभाग दलाश में सहायक अभियंता\nकनिष्ठ अभियंता और वरिष्ठ सहायक का पद खाली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rampur Bushahar News: लोक निर्माण विभाग दलाश में सहायक अभियंता कनिष्ठ अभियंता और वरिष्ठ सहायक का पद खाली
विज्ञापन
विज्ञापन
महत्वपूर्ण पद रिक्त होने से प्रभावित हो रहे हैं विकास कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। दलाश लोक निर्माण विभाग स्टाफ की भारी कमी चल रही है। स्टाफ की कमी की मार विकास कार्यों पर पड़ रही है। सब डिवीजन में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता और वरिष्ठ सहायक के महत्वपूर्ण पद रिक्त होने के कारण विभाग के कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। प्रदेश सरकार रिक्त पदों को भरने में कोई रुचि नहीं दिखा रही है। दलाश सब डिवीजन में सहायक अभियंता का एक पद, कनिष्ठ अभियंता के दो पद स्वीकृत हैं, लेकिन छह महीने से सहायक अभियंता, दो साल से एक कनिष्ठ अभियंता का पद और तीन साल से वरिष्ठ सहायक का पद खाली चल रहा है। दलाश सब डिवीजन के अंतर्गत जाजर से रुमाली-डीम तक ग्रामीण दुर्गम क्षेत्रों को जोड़ने वाली 180 किलोमीटर लंबी सड़कें हैं, जो सेब बहुल क्षेत्रों को जोड़ती हैं। अधिक ऊंचाई के चलते बरसात और सर्दियों में इन सड़कों और अधिक मार पड़ती है। दलाश सब डिवीजन के अंतर्गत पीएमजीएसवाई स्टेज-4 के भोजुपानी से लंबी डूंगरी, रुमाली से डीम, पुनन से गाडा डीम, टिकर से टिकरीदढ़ और कठार से खादवी 55 करोड़ रुपये के 5 प्रोजेक्ट हैं, जिन पर काम चल रहा है। वहीं, जाजर से दलाश तक सड़क पर भी 15 करोड़ का कार्य जारी है। ऐसे में कनिष्ठ और सहायक अभियंता न होने से जहां कार्य का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, वहीं यह कार्य भी लंबे खींच रहे हैं। सभी प्रोजेक्ट्स पर एक साथ नजर रखना मुमकिन नहीं है। फलस्वरूप, कार्य की गुणवत्ता की जांच भी नहीं की जा रही है। उधर, लोक निर्माण विभाग निरमंड के अधिशासी अभियंता आनंद शर्मा का कहना कि रिक्त पदों को लेकर विभाग के उच्चाधिकारियों को सूचित कर लिया गया है।